
देवास। मक्सी बायपास पर मंगलवार दोपहर पाम ऑइल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद टैंकर का ढक्कन खुलने से उसमें भरा ऑइल बाहर फैलने लगा। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और ऑइल भरने लगे। दुर्घटना में टैंकर चालक को मामूली चोट आई है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार टैंकर क्रमांक जीजे 39 टीए 7418 गुजरात के गांधीधाम से देवास आ रहा था। इसे यहां एक फैक्ट्री में पाम ऑइल खाली करना था। चालक धनसिंह ने बताया कि मक्सी बायपास पर अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में टैंकर को मोड़ा, जिससे वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया।
ढक्कन खुलने से बाहर बहने लगा ऑइल-
टैंकर पलटने के दौरान उसका ढक्कन भी खुल गया, जिससे पाम ऑइल बाहर निकलकर सड़क किनारे फैलने लगा। ऑइल बहता देख आसपास के लोग बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में चालक धनसिंह को मामूली चोट आई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
