
ग्वालियर। सिंधिया राजपरिवार के लंबे समय से चले आ रहे संपत्ति विवाद में अब नया मोड़ आ गया है। स्व. माधवराव सिंधिया और राजमाता विजयाराजे सिंधिया की शाखाओं के बीच पारिवारिक समझौते से संपत्तियों का बंटवारा होने के बाद अब राजमाता की शाखा में ही संपत्ति के वितरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
ग्वालियर जिला न्यायालय में लंबित सिविल सूट क्रमांक 27-ए/2010 में स्वर्गीय महारानी पद्मावती राजे सिंधिया की पुत्री प्रतिमा राजे बुरमन ने 25 जून 2026 को तैयार किए गए कथित मेमोरेंडम ऑफ ओरल फैमिली सेटलमेंट पर आपत्ति दाखिल की है। इस समझौते में एक पक्ष की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया और चित्रांगदा सिंह तथा दूसरे पक्ष की ओर से वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे सिंधिया, उषा राजे और स्वर्गीय पद्मावती राजे की पुत्रियां प्रतिमा राजे राणा व कनिका सिंह शामिल थीं।
प्रतिमा राजे की आपत्ति माधवराव सिंधिया की शाखा को मिली संपत्तियों को लेकर नहीं है, बल्कि राजमाता की शाखा को समझौते में मिली संपत्तियों के आगे बंटवारे को लेकर है। उनका आरोप है कि तीनों मौसियों वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और उषा राजे ने अपने बीच अधिकतर संपत्ति रख ली, जबकि उनकी मां स्वर्गीय पद्मावती राजे के हिस्से में से उन्हें बहुत सीमित संपत्ति देने की पेशकश की जा रही है।
प्रतिमा राजे का दावा है कि राजमाता की शाखा की संपत्तियों में उनकी मां का 20 प्रतिशत हिस्सा था। इस आधार पर वह अपनी मां के हिस्से में से 10 प्रतिशत संपत्ति पर अधिकार मांग रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें नेपाल से दिल्ली के ताज मानसिंह होटल बुलाकर उषा राजे ने पारिवारिक समझौते पर यह भरोसा दिलाते हुए हस्ताक्षर कराए कि उनकी मां के हिस्से और उनके हितों का पूरा ध्यान रखा गया है। बाद में उन्हें पता चला कि उनके हितों के अनुरूप संपत्ति का बंटवारा नहीं हुआ।
इसी आधार पर प्रतिमा राजे ने सिविल प्रक्रिया संहिता के आदेश 23 नियम 3 के तहत आपत्ति पेश कर कथित पारिवारिक समझौते के आधार पर डिक्री पारित किए जाने पर रोक लगाने की मांग की है। मामले में न्यायालय में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को नियत की गई है।
