
सौंसर 17 नवंबर – औद्योगिक क्षेत्र के ग्राम खैरीतायगांव के निवासी इन दिनों क्षेत्र में संचालित फैक्ट्रियों से निकलने वाली कोयले की राख और दूषित पानी से बुरी तरह त्रस्त हैं। इस गंभीर समस्या के निराकरण की मांग को लेकर मंगलवार को समस्त ग्रामवासियों ने जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। ज्ञापन की प्रतिलिपि विधायक सौंसर और पुलिस थाना लोधीखेड़ा सहित अन्य उच्चाधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।
*घरों और अनाज में मिल रही कोयले की राख*
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम खैरीतायगांव में पिछले 40 वर्षों से एमपीआईडीसी के अंतर्गत कई फैक्ट्रियां संचालित हैं, जिनका ग्रामीणों ने कभी विरोध नहीं किया। परंतु विगत छह माह पूर्व शुरू हुई ‘यूकेआर इंडस्ट्रीज’ और ‘कृष्णापीक’ की चिमनियों से अत्यधिक मात्रा में कोयले की राख उड़कर गांव में फैल रही है। यह राख लोगों के घरों के अंदर प्रवेश कर रही है, जिससे दैनिक उपयोग के खाद्यान्न और भोजन सामग्री दूषित हो रही है। आलम यह है कि फर्श और कपड़ों पर राख की परत जम रही है, जिससे महिलाओं को रोजमर्रा के घरेलू कार्यों और कपड़े व अनाज सुखाने में भारी कठिनाई हो रही है।
बीमारियों का प्रकोप और कृषि भूमि के बंजर होने का खतरा*
हवा में फैली राख के कारण गांव के बुजुर्गों और बच्चों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। राख श्वास के माध्यम से शरीर में जाने से सर्दी-खांसी, खुजली और त्वचा संबंधी रोगों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इसके साथ ही, खेतों में खड़ी फसलों और वृक्षों पर राख जमा होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका सता रही है। ग्रामीणों ने चिंता जताई कि यदि कृषि भूमि पर इसी तरह राख जमा होती रही, तो आने वाले वर्षों में उपजाऊ जमीन बंजर हो जाएगी।
*नाले से होते हुए कन्हान नदी तक पहुंच रहा जहर*
ज्ञापन में जल प्रदूषण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, फैक्ट्रियों द्वारा गांव के समीप बहने वाले नाले में अत्यधिक प्रदूषित और दुर्गंधयुक्त पानी छोड़ा जा रहा है। इसकी तीव्र गंध से ग्रामीणों का सांस लेना दूभर हो गया है। इस जहरीले पानी के कारण नाले के आसपास स्थित कुओं का पानी भी प्रदूषित होकर पीने योग्य नहीं रहा है। यही प्रदूषित पानी आगे जाकर क्षेत्र की प्रमुख जीवनदायिनी कन्हान नदी में मिल रहा है, जिससे नदी का जल भी दूषित हो रहा है।
*सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर खानापूर्ति का आरोप*
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या के समाधान के लिए पूर्व में सीएम हेल्पलाइन पर कई शिकायतें दर्ज कराई गईं। लेकिन पर्यावरण विभाग के अधिकारी गांव का निरीक्षण करने के बजाय केवल फैक्ट्रियों का दौरा कर कागजी खानापूर्ति करते हैं और शिकायतों को बंद कर देते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि वायु और जल प्रदूषण के कारण गांव के नागरिकों का जीवन संकट में आ गया है। उन्होंने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित फैक्ट्रियों पर सख्त कार्रवाई करने और ग्रामीणों को इस प्रदूषण से निजात दिलाने की मांग की है। ज्ञापन के अवसर पर जिला पंचायत सभापति नीलिमा पाटील, पूर्व जनपद अध्यक्ष निलेश गजभिये,किशोर भुजबल, नरेन्द्र पाटील ,अमोल सोनबर्से, उज्वला भुजबल ,सोनू सोनबर्से ,उजवला गवूलकर ,नंदिनी दीवते,करुणा जिचकार ,अम्बोरे मैडम,करंगले मैडम ,भाऊराव करंगले ,मोरेश्वर गवूलकर ,सुधाकर तिरस्कार, आबू शेख, बंडु पाटील ,दीपक भुजबल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
