इंदौर: इंदौर की संभागीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला को राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) से मान्यता मिल गई है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने भी खाद्य पदार्थों के परीक्षण के लिए अधिसूचित कर दिया है, जिसका राजपत्र 5 नवंबर को प्रकाशित हो चुका है.
एफएसएसएआई मंजूरी के बाद अब इंदौर प्रयोगशाला में विभिन्न तरह की खाद्य वस्तुओं के नमूनों की जांच की जा सकेगी. साथ ही इंदौर संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों में भी खाद्य नमूनों की जांच होगी. उक्त मंजूरी मिलने से स्थानीय खाद्य एवं औषधि के नमूने जांच के लिए भोपाल नहीं भेजना पड़ेंगे.
पिछले साल मुख्यमंत्री ने किया था लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पिछले साल 27 अक्टूबर को संभागीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला इंदौर का लोकार्पण किया था. इसके बाद 12 जून को प्रयोगशाला को एनएबीएल का मान्यता प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ जो 11 जून 2028 तक वैध बताया जाता है. 3 सितंबर 2026 को एसएसएसएआई की अधिसूचना के लिए ऑडिट हुआ था. 5 नवंबर को प्राधिकरण ने प्रयोगशाला का गजट नोटिफिकेशन कर दिया. अधिसूचना भारत के राजपत्र में भी प्रकाशित हो चुकी है.
मानकों के अनुरूप विकसित की गई प्रयोगशाला
प्रयोगशाला में परीक्षण की गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक आईएसओ/आईईसी 17025ः2017 के द्वारा आवश्यक प्रोसेस विकसित की गई हैं. एनएबीएल की टीम ने 14 और 15 फरवरी 2026 को प्रयोगशाला का ऑडिट किया था. निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने के बाद इसे मान्यता प्रदान की गई. प्रयोगशाला में खाद्य पदार्थों की सूक्ष्म एवं सटीक जांच के लिए कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं. इनमें एटॉमिक एब्जॉर्प्शन स्पेक्ट्रोमीटर, माइक्रोवेव डाइजेस्टर, फैट एनालाइजर, प्रोटीन एनालाइजर, डिजिटल ब्यूटिरो रिफ्रैक्टोमीटर, सेंट्रीफ्यूज, एनालिटिकल बैलेंस, मफल फर्नेस, पीएच मीटर और मेल्टिंग पॉइंट अपरेटस शामिल हैं.
निम्न खाद्य पदार्थों की होगी जांच
एफएसएसएआई की ओर से प्रयोगशाला को विभिन्न प्रमुख खाद्य श्रेणियों के परीक्षण की स्वीकृति दी गई है. इनमें दूध एवं दुग्ध उत्पाद, नमक, मसाले एवं कंडिमेंट्स, अनाज एवं अनाज उत्पाद, विविध खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ, तेल एवं वसा तथा चाय, कॉफी एवं चिकोरी शामिल हैं. इन श्रेणियों के अंतर्गत खाद्य नमूनों की जांच से खाद्य पदार्थों में मिलावट, अशुद्धता और निर्धारित मानकों के उल्लंघन की पहचान की जा सकेगी.
मिलावट के खिलाफ कार्रवाई को मिलेगी गति
इंदौर की प्रयोगशाला को मंजूरी मिलने से खाद्य सुरक्षा प्रशासन को नमूनों की जांच के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी. खाद्य प्रतिष्ठानों, विनिर्माण इकाइयों, थोक एवं खुदरा विक्रेताओं सहित विभिन्न खाद्य कारोबार संचालकों से लिए जाने वाले नमूनों की जांच की जाएगी. प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को वैधानिक कार्रवाई करने में सहायक होगी. इससे मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के कारोबार पर नियंत्रण किया जा सकेगा.
7-8 दिन में मिलेगी रिपोर्ट
खाद्य अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि इंदौर की संभागीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को केंद्र सरकार के सभी विभागों से अनुमति मिल गई है. अब इंदौर में सभी तरह के खाद्य पदार्थों और औषधियों की जांच की जा सकेगी. स्वामी ने बताया कि जांच में अब रिपोर्ट 15 दिन की बजाय 7 से 8 दिन में मिल जाएगी.
