सीधी/चुरहट: गंदगी और अवैध पार्किंग की भेंट सार्वजनिक मूत्रालय चढ़ चुका है। बीछी रोड स्थित चुरहट पुराने बस स्टैण्ड का मूत्रालय कचरा घर बना है और अवैध पार्किंग तथा गंदगी व ऑटो के जमावड़े से परेशान महिलाएं परेशान हैं।चुरहट नगर परिषद अंतर्गत पुराने बस स्टैण्ड बीछी रोड पर राहगीरों और यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया महिला-पुरुष मूत्रालय इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत निर्मित यह सार्वजनिक सुविधा केन्द्र अब कचरा फेंकने का अड्डा और अवैध पार्किंग स्थल बनकर रह गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मूत्रालय के अंदर और बाहर पॉलिथीन, प्लास्टिक और घरों का कचरा फेंका जा रहा है जिससे परिसर में भीषण दुर्गंध फैली रहती है। रही-सही कसर अवैध पार्किंग ने पूरी कर दी है। मूत्रालय के ठीक सामने दिनभर ऑटो चालक अपने वाहन खड़ा कर बैठे रहते हैं। इसके अलावा लोग अपनी कार और जीप भी यहीं खड़ी कर देते हैं जिससे मूत्रालय तक जाने का रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। पुराना बस स्टैण्ड नगर का सबसे व्यस्ततम इलाका है जहां रोजाना सैकड़ों यात्री, छात्र और ग्रामीण पहुंचते हैं। मूत्रालय के बाहर ऑटो चालकों और अनजान लोगों की भीड़ जमा रहने तथा अंदर फैली गंदगी के कारण महिलाएं शर्म और असहजता की वजह से इसका उपयोग नहीं कर पा रही हैं। मजबूरी में उन्हें घंटों परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नागरिकों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
नगरवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर मूत्रालय की नियमित सफाई और पानी की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही वहां चेतावनी बोर्ड लगाकर कचरा फेंकने वालों और अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जाए ताकि इस सुविधा को फिर से उपयोग लायक बनाया जा सके।
इनका कहना है
इस मामले में स्वच्छता प्रभारी को तत्काल निर्देशित करती हूं कि वे मौके पर कार्रवाई करें ताकि आमजन द्वारा इसका पुन: उपयोग किया जा सके।
श्रीमती मोनिका विजय गुप्ता, अध्यक्ष नगर परिषद चुरहट
मूत्रालय के पास ऑटो व निजी वाहन खड़ा कर दिए जाते हैं। साफ-सफाई नहीं होने से भारी दुर्गंध आती है जिसके कारण मूत्रालय का उपयोग नहीं हो पा रहा है।
मंगलेश्वर सिंह, स्थानीय निवासी चुरहट
कचरा, दुर्गंध और वहां सवारी ऑटो खड़ा कर चालकों के बैठे रहने से महिलाएं मूत्रालय का उपयोग नहीं कर पातीं। पास की खुली नाली में भी कचरा डालने से वह जाम रहती है।
जगजीवन लाल गुप्ता, मेडिकल संचालक
समय-समय पर इसकी सफाई कराई जाती है लेकिन कुछ लोगों द्वारा कचरा फेंकने से गंदगी हो जाती है। अब ऐसे लोगों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी और अवैध पार्किंग हटाने के लिए पुलिस को पत्र लिखा जाएगा।
यज्ञ शरण साहू, स्वच्छता प्रभारी नगर परिषद चुरहट
