विशेष संवाददाता भोपाल। पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने प्रस्तावित भोपाल विकास योजना-2047 (मास्टर प्लान) को लेकर आयोजित सुनवाई में जिला प्रशासन की कथित उदासीनता पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने सुनवाई के दौरान भोपाल कलेक्टर सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह भोपाल के भविष्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है।
त्रिपाठी ने भू-उपयोग निर्धारण में विसंगतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि अरेरा कॉलोनी को आरजी-3 श्रेणी में रखकर पूरी तरह आवासीय घोषित किया गया है, जबकि 10 नंबर मार्केट के आसपास की इमारतों को मार्केट स्ट्रीट के रूप में दर्शाने की तैयारी है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे भू-माफिया को लाभ पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि इन इमारतों को हटाने के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश हैं।
त्रिपाठी ने बताया कि इन विसंगतियों को लेकर औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सुधार नहीं होने पर प्रस्तावित मास्टर प्लान को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।
उन्होंने बुजुर्गों और महिलाओं को 15 किलोमीटर दूर नगर तथा ग्राम निवेश कार्यालय पहुंचने में हुई परेशानी का हवाला देते हुए आम नागरिकों को सुनवाई का एक और अवसर देने की मांग की। अगली सुनवाई 23 नवंबर को निर्धारित है।
