आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा समाप्ति पर पटवारी ने जताई चिंता

विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की प्रस्तावित सेवा समाप्ति पर गंभीर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से इस निर्णय पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस फैसले से प्रदेश के 2 से 2.5 लाख परिवारों की आजीविका संकट में पड़ सकती है।

राज्य सरकार को लिखे पत्र में पटवारी ने कहा कि नियमित भर्ती आवश्यक है और कांग्रेस भी इसका समर्थन करती है, लेकिन वर्षों से सरकारी विभागों में सेवाएं दे रहे अनुभवी कर्मचारियों को बेरोजगार करके नियमित भर्ती करना उचित नहीं है।

उन्होंने 31 मार्च 2027 तक आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने के प्रस्ताव पर तत्काल रोक लगाने, विभागवार कर्मचारियों का सर्वे कराने तथा नियमित भर्ती में अनुभवी कर्मचारियों को प्राथमिकता, आयु सीमा में छूट और उपयुक्त अवसर देने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने और चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति होने तक मौजूदा कर्मचारियों की नौकरी और वेतन सुरक्षित रखा जाना चाहिए।

पटवारी ने कहा कि स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा, पंचायत, लोक निर्माण और नगरीय प्रशासन सहित कई विभागों में आउटसोर्स कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कोरोना महामारी के दौरान भी इन कर्मचारियों ने जरूरत के समय अपनी सेवाएं दी थीं।

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि कर्मचारियों के वर्षों के अनुभव और सेवा का सम्मान कैसे सुनिश्चित किया जाएगा तथा नियमित भर्ती की प्रक्रिया के दौरान उनके परिवारों की आजीविका की जिम्मेदारी कौन लेगा।

पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपने फैसले पर पुनर्विचार कर कर्मचारियों के हितों की रक्षा नहीं की तो कांग्रेस उनके अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए आंदोलन करेगी।

 

Next Post

'कॉफी विद करण 9' के फिनाले में शाहरुख खान की एंट्री, करण जौहर के जुड़वा बच्चे भी करेंगे डेब्यू

Tue Nov 17 , 2026
मुंबई, ‘कॉफी विद करण 9’ के ग्रैंड फिनाले में शाहरुख खान स्पेशल अपीयरेंस देंगे। खबरों के मुताबिक, करण जौहर के जुड़वा बच्चे रूही और यश भी इस एपिसोड से डेब्यू करेंगे। बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान के फैंस के लिए एक खास खबर सामने आई है। फिल्ममेकर करण जौहर के मशहूर […]

You May Like