
छिंदवाड़ा। समसवाड़ा स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास रात करीब 12 बजे सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली एक बाइक सवार युवक के लिए काल बन गई। डीजल लेकर गांव लौट रहे दो युवकों की बाइक ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में ग्राम कपुर्दा निवासी सुनील वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अंकित उइके गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, सुनील वर्मा और अंकित उइके दोनों ग्राम कपुर्दा के निवासी हैं। दोनों पेट्रोल पंप से डीजल लेकर दोपहिया वाहन से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान समसवाड़ा इंडियन पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे सुनील के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अंकित उइके टक्कर के बाद दूर जा गिरा और घायल हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रेडियम संकेतक नहीं लगे थे और न ही आसपास कोई बैरिकेडिंग की गई थी। अंधेरे में ट्रॉली दिखाई नहीं देने के कारण बाइक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल अंकित उइके को उपचार के लिए चौरई अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में युवक की मौत से ग्राम कपुर्दा में शोक का माहौल है।
