शाह ने पुणे में किया अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण, सुप्रिया सुले रहीं मौजूद, कार्यक्रम में नहीं पहुंचे शरद पवार

मुंबई, 16 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को महाराष्ट्र में पुणे जिला परिषद परिसर की पहली मंजिल पर राज्य के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया।

इस अवसर पर श्री अजित पवार की पत्नी एवं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद ) की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले मौजूद थीं। निमंत्रण पत्र में नाम होने के बावजूद श्रीमती सुले के पिता एवं राकांपा संस्थापक शरद पवार समारोह में शामिल नहीं हुए।

प्रतिमा अनावरण समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, कई मंत्री और राकांपा (सुनेत्रा) के बड़ी संख्या में पदाधिकारी शामिल हुए। दिवंगत अजित पवार के पुत्र पार्थ पवार और जय पवार भी इस अवसर पर मौजूद थे।

दो दिवसीय पुणे दौरे के दूसरे दिन श्री शाह ने सोमवार को कहा, “अजित दादा के अचानक चले जाने से एक खालीपन पैदा हो गया है। मुझे नहीं लगता कि अगले चार दशक तक कोई इस कमी को पूरा कर पायेगा। यह बहुत बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी। वह मेरे मित्र थे। सहकारिता क्षेत्र हो, कृषि क्षेत्र हो या आधुनिक क्षेत्र, उनके पास विकास का एक विशेष दृष्टिकोण था। आज भी यह विश्वास करना मुश्किल है कि अजित दादा अब हमारे बीच नहीं हैं। आंखें बंद करने पर भी उनकी छवि दिखायी देती है।”

श्री शाह ने कहा कि श्री पवार अपनी बात स्पष्ट रूप से कहने के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा, “उनका (श्री पवार) जवाब हमेशा हां या ना में होता था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत बारामती से की और सबसे ऊंचे पद तक पहुंचे। बहुत कम लोग ऐसे होते हैं, जो बड़े पदों पर पहुंचने के बाद भी जमीनी स्तर से जुड़े रहते हैं। अजित दादा उनमें से एक थे।”

इस दौरान उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान श्री पवार की कड़ी मेहनत का भी जिक्र किया। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का नाम लिये बना कहा, “मैं महाराष्ट्र के लोगों को बताना चाहता हूं कि कोविड के समय, जब दवाइयां तक उपलब्ध नहीं थीं और महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री से संपर्क करना मुश्किल था, तब उपमुख्यमंत्री होने के बावजूद अजित दादा सुबह-सुबह राज्य सचिवालय के लैंडलाइन फोन पर उपलब्ध रहते थे और लोगों की मदद की व्यवस्था करते थे।”

उन्होंने कहा, “कोविड संकट के दौरान अजित दादा सरकार का हिस्सा थे। उस समय पूरे देश में स्थिति बेहद गंभीर थी। ऑक्सीजन और दवाइयों की कमी थी। गृह मंत्री के रूप में मुझे विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ समन्वय करना पड़ता था, क्योंकि आपदा प्रबंधन गृह मंत्रालय के अधीन आता है। मेरा महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री से संपर्क नहीं हो पा रहा था, लेकिन अजित दादा सुबह सात बजे ही सचिवालय में मौजूद रहते थे।”

इस दौरान श्री शाह ने सहकारिता क्षेत्र में श्री पवार के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा, “अजित दादा सहकारिता क्षेत्र के चलते-फिरते विश्वकोश थे। उन्होंने महाराष्ट्र में सहकारिता क्षेत्र को आगे बढ़ाया। बारामती के विकास के बारे में मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यहां हर कोई जानता है कि अजित दादा ने बारामती को किस तरह बदल दिया। मैं उनसे पूछता था कि उपमुख्यमंत्री होने के बावजूद वह बारामती क्यों जाते रहते हैं। इस पर उनका जवाब होता था कि वहां लोगों से मिलने के बाद ही उन्हें उनकी समस्याओं का पता चलता है। उन्होंने मुझसे कहा था कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर किसी भी समय उनके आवास पर आ सकता है।”

श्री शाह ने बताया कि श्री पवार अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए किस तरह पूरी ताकत से लड़ते थे, यहां तक कि उनके साथ भी बहस करने से पीछे नहीं हटते थे। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान भी अजित दादा अपने कार्यकर्ताओं के लिए कई बार मुझसे, श्री फडणवीस और श्री शिंदे से मतभेद रखते थे।”

उन्होंने कहा कि उन्होंने दिवंगत पवार से पूछा था कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन में शामिल होने का फैसला क्यों किया। इस पर श्री पवार ने जवाब दिया था कि श्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद वह विकास के प्रयासों का हिस्सा बनना चाहते थे।

 

 

Next Post

कलेक्टर की दो टूक,योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाएं

Mon Nov 16 , 2026
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश सिंगरौली । कलेक्टर अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों, शासन की योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। […]

You May Like