पीएम मित्र टेक्टसटाइल्स पार्क योजना को मिल रही है रफ्तार, विरुधुनगर में 23 निवशकों को भूखंड आवंटित

नई दिल्ली, 28 फरवरी 2026 (वार्ता): तमिलनाडु में विरुधुनगर स्थित पीएम मित्र पार्क (प्रधानमंत्री मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल उद्योग क्षेत्र) योजना के अंतर्गत 23 निवेशकों को कुल 190.44 एकड़ के बराबर औद्योगिक भूखंडों के आवंटन किये गये।

कपड़ा मंत्रालय ने शनिवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि विरुधुनगर पीएम मित्र पार्क के निदेशक मंडल ने शुक्रवार को हुई बैठक में निवेशकों के प्रस्तावों पर ये आवंटन किये। इससे लगभग 2,192.21 करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग खुला है। इन प्रस्तावों के कार्यान्वयन पर करीब 15,000 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

विज्ञप्ति के अनुसार विरुधुनगर मेगा कपड़ा पार्क योजना में निवेश के इन स्वीकृत प्रस्तावों में एकीकृत संयंत्र, धागा, कपड़ा , प्रसंस्करण व फिनिशिंग, गारमेंट उत्पादन तथा टेक्निकल टेक्सटाइल्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों के प्रस्ताव शामिल हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि बोर्ड की नवीं बैठक की अध्यक्षता वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने की। इसमें मंत्रालय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

पार्क में औद्योगिकी दूषित जल के शोधन की सुविधा स्थापित की जा रही है, जिससे पर्यावरण अनुकूल और सतत प्रोसेसिंग को बढ़ावा मिलेगा। इससे छोटे और मध्यम उद्योगों को भी स्वच्छ प्रसंस्करण सुविधाएं मिलेंगी।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार की पीम मित्र पार्क योजना के तहत विरुधुनगर सहित देश के सात स्थानों पर वृहद टेक्सटाइल उद्योग पार्क मंजूर किये गये हैं। विरुधुनगर लगभग 1,894 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। इसमें जल-मल शोधन संयंत्र के अलावा 20 मेगावाट सोलर पावर प्लांट, केंद्रीकृत स्टीम बॉयलर और लगभग 13 लाख वर्गफुट में विकसित प्लग-एंड-प्ले इकाइयों के लिए काम करने की जगह विकसित की गयी है। यह पार्क राष्ट्रीय राजमार्ग -44 पर स्थित है और तूतीकोरिन बंदरगाह से मात्र 106 किमी दूर है।

इस पार्क में करीब 550 करोड़ रुपये की अवसंरचना परियोजनाएं वर्तमान में प्रगति पर हैं और पार्क को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

Next Post

गोविन्दपुरा में दुकान का शटर तोड़ रहे थे चोर, चौकीदार की सतर्कता से नाकाम हुई कोशिश

Sat Feb 28 , 2026
भोपाल। गोविन्दपुरा थाना इलाके में एक दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है. अज्ञात बदमाश शुक्रवार देर रात को, जब शटर तोड़ने की कोशिश कर रहे थे. तभी चौकीदार के आ जाने पर वह भाग निकले. पीड़ित दुकानदार ने मामले की जानकारी थाने […]

You May Like

मनोरंजन