
झाबुआ. झाबुआ में सोमवार को पांच हजार से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर पानी की बूंद की आकृति बनाई। आधा गिलास जल और सुरक्षित कल अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। इस दौरान लोगों ने जरूरत के मुताबिक पानी का उपयोग करने और पानी की बर्बादी रोकने की शपथ ली।
जल संरक्षण को लेकर शारदा ग्रुप ऑफ एजुकेशन और केशव इंटरनेशनल स्कूल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया, रतलाम सांसद अनिता चौहान, पूर्व सांसद गुमानसिंह डामोर, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, पद्मश्री शांति परमार और रमेश परमार मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अतुल कोठारी, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के एशियन काउंसिल प्रतिनिधि मनीष विश्नोई, शारदा ग्रुप ऑफ एजुकेशन के संस्थापक ओम शर्मा व मयंक रूनवाल तथा शिवगंगा अभियान के राजाराम कटारा भी शामिल हुए। मनीष विश्नोई ने अतिथियों की मौजूदगी में रिकॉर्ड का प्रतीकात्मक प्रमाण-पत्र सौंपा।
शारदा समूह के संचालक ओम शर्मा ने कहा कि इस मुहिम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश घर-घर और परिवारों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए लोगों को अपनी रोजमर्रा की आदतों में बदलाव करना होगा। कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. अतुल कोठारी ने कहा कि सामूहिक रूप से जल संरक्षण की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण बदलाव का संदेश देता है।
