
ग्वालियर। ग्वालियर के झांसी हाइवे लिंक रोड पर प्राइवेट बस स्टेंड पर बडी संख्या में बस संचालकों द्वारा सडक पर ही अपनी बसों को सवारियों के लिए खडी कर लेने से हाइवे रोड पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं बस स्टेंड के पास ही यातायात उप पुलिस अधीक्षक का कार्यालय भी बना है लेकिन उसके बाद भी वहां कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं कभी कभी वहां से निकलने वालों को बस संचालकों की हठधर्मी तथा वहीं पर आटो संचालकों के खडे होने और हाथ ठेला संचालकों के भी खडे रहने से आम नागरिक परेशानी से निकल पा रहे है। उधर नागरिकों की मांग है कि पहले के प्रशासन ने सडक चौडीकरण के लिए नाप करवाई थी, इस सडक चौडीकरण की बाधाओं को पूरा कर सडक का चौडीकरण किया जाए जिससे हाइवे पर यातायात सामान्य रूप से निकल सके। इसी प्रकार विक्की फैक्ट्री तक आने जाने की रोड को भी चौडा किया जाये, यहां अतिक्रमण होने से सडक संकरी हो गई है।
ज्ञातव्य है कि आम खो कंपू से नया बस स्टेंड बनने के बाद से बसों को झांसी रोड स्थित प्राइवेट बस स्टेंड पर स्थानांन्तरित कर दिया गया। जबसे झांसी रोड के हाइवे पर उक्त बस स्टेंड को स्थानांन्तरित किया गया उसके बाद से उक्त हाइवे के लिए निकलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड रहा है। बताया जाता है कि उक्त रोड पर सुबह से कालेजों तथा स्कूलों को जाने वाली बसों के निकलने से जाम की स्थिति बनती है। वहीं जब दोपहर में भी स्कूली और कालेजों की बसें वापस लौटती है तो भी जाम की स्थिति बन जाती है। स्कूली और कालेज बसें एक साथ सुबह और दोपहर में निकलती है। इससे प्राइवेट बस स्टेंड के पास जाम लग जाता है। वहीं प्राइवेट बस स्टेंड से निकलने वाली बसों के संचालक एक दो सवारी और अपना समय पूरा होने के बाद भी स्टेंड से बाहर निकाल कर सडक पर आवाज लगाते हुए बस को खडी करने से हाइवे पर जाम की स्थिति बन जाती हे। इतना ही नहीं प्राइवेट बस स्टेंड के पास लगी अवैध दुकानों , हाथ ठेलों तथा बडी संख्या में आटो चालकों के खडे होने से भी लगातार जाम बना रहता है। यही स्थिति झांसी रोड चौराहे से विक्की फैक्ट्री तक पूरी रोड की है, वहीं पर भी हर समय जाम की समस्या रहती है।
पूर्व के कलेक्टरों ने उक्त मार्ग को चौडा करने के लिए कुछ कदम उठाए और वहां उन्होंने नाप भी करवाई लेकिन संभवतः मामला न्यायालय में पहुंचने से चौडीकरण का कार्य नहीं हो सका। कुछ मकानों पर आज भी सडक चौडीकरण के लिए कितना एरिया तोडा जाना है इसके लाल निशान आज भी मौजूद है। लेकिन प्रशासन के अधिकारियों ने इसकी स्थिति जानने के लिए कोई प्रयास ही नहीं किये है। और ना ही सडक चौडीकरण के लिये कोई पहल की है। स्थानीय आम लोगों की मांग है कि झांसी रोड चौराहा व विक्की फैक्ट्री रोड को चौडा करने की मांग की है, ताकि यहां ट्रैफिक समस्या से आम लोगों को राहत मिल सके।
