
अपने राजनीतिक जीवन में दांवपेंच की राजनीति से बराबर दूरी बनाकर बड़ा कद होने के बावजूद हाशिए की राजनीति कर दूसरों के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करने वाली सीधी विधायक रीति पाठक ने खुले मंच से जिस प्रकार की तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है , वैसा वर्तमान राजनैतिक परिदृश्य में कम ही देखने को मिलता है. राजनीति के जानकार उनके इन संकेतों को भविष्य की कोई बड़ी कहानी का हिस्सा मान रहे हैं. प्रदेश के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह की खानापूर्ति पर जिला प्रशासन व प्रभावी राजनीति करने वाले अन्य नेताओं को कटघरे में खड़ा कर उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि प्रदेश की स्थापना दिवस पर कम से कम राजनीति से परे होकर विचार करना चाहिए, क्योंकि इसमें जनता की भी सहभागिता होना जरूरी है.केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के दौरान लगातार दो बार जनता की चुनी हुई सांसद रही श्रीमती पाठक को भाजपा की उच्च राजनैतिक रणनीति के चलते विधानसभा का चुनाव लड़वाया गया था.उसके बाद से उनके कद और उनकी हैसियत को कम आंकने के जिस प्रकार के प्रयास हो रहे हैं , उस पर उनका बिफरना स्वाभाविक है. इसके पहले भी उन्होंने उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से भरे मंच में जिला अस्पताल के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा दिए 2 करोड़ रुपए गायब होने का जिक्र कर संकट पैदा कर दिया था.एक बार फिर उनका खुलकर असन्तोष व्यक्त करना विंध्य में अंदर ही अंदर बन रहे किसी नए राजनीतिक समीकरण की ओर इशारा कर रहे हैं.
सांसद के बिगड़े बोल से संकट में सत्तादल
अपनी लीक से हटकर कार्यप्रणाली के लिए खासे चर्चित हो चुके रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का सुर्खियां बटोरना अब सत्ताधारी दल के लिए संकट बनता जा रहा है. उनकी बातों पर आपदा में अवसर तलाश रही कांग्रेस की सक्रियता अब लोगों को पसंद आने लगी है. धीरे-धीरे ही सही उसका बढ़ता कुनबा अब लोगों को नजर आने लगा है. इस बार किसानों पर नशेड़ी होने की टिप्पणी अंदर ही अंदर भाजपा को नुकसान पहुचाती नजर आ रही है. इस बार विंध्य के सभी जिलों में इसके विरोध में धरना,प्रदर्शन और पुतला दहन कर काग्रेस ने किसानों के बीच अपनी घुसपैठ को मजबूती का जामा पहनाया है. नकली खाद और बीज से परेशान किसान खाद की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर पहले ही लामबंद हो चुके हैं. ऐसा महसूस किया जा रहा है कि छोटी सी चिंगारी कभी भी किसी बड़े आंदोलन का रूप अख्तियार कर सकती है.
बुरे फंसे
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री
उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल अपने ही गृह जिले में फसते नजर आ रहे हैं. पिछले छह महीने के दौरान कई बार उन्हें संकट में डाल चुका विंध्य का सबसे बड़ा अस्पताल संजय गांधी मेडिकल व श्याम शाह मेडिकल कालेज में एक बार फिर पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोर रहा है. इस बार मेडिकल पीजी की छात्रा ने कार्यवाहक डीन पर न सिर्फ उंगली उठाई है, बल्कि उनके खिलाफ लिंग भेदी शिकायत थाने में दर्ज कराई है. दूसरी तरफ छात्रा के सहपाठियों ने कॉलेज के बाहर धरना देकर सम्बंधित अधिकारी को जिले से हटाने की मांग रखी है. चर्चा यह है कि सिस्टम को ठीक करने की डॉ मनोज इंदुलकर की कोशिश छात्रों और शिक्षकों को रास नहीं आ रही है. इसके पूर्व भी अपने कार्यकाल के दौरान नियम व्यवस्था को सख्ती से लागू कर उन्होंने कई लोगों के सामने संकट खड़ा कर दिया था.
