ग्वालियर। 10 वर्षीय होनहार खिलाड़ी वीर भारद्वाज ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और शहर का नाम रोशन किया है। संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में आयोजित एशियन ओपन चैंपियनशिप 2026 में वीर ने बैथले प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में अंडर-11 बालक वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले वीर एकमात्र खिलाड़ी थे। प्रतियोगिता का आयोजन रास अल खैमाह के फ्लेमिंगो बीच पर किया गया, जहां खिलाड़ियों को पहले 400 मीटर रेत पर दौड़ना, फिर 100 मीटर समुद्र में तैरना और इसके बाद दोबारा 400 मीटर दौड़ पूरी करनी थी।
कई देशों के खिलाड़ियों ने इस चुनौतीपूर्ण स्पर्धा में हिस्सा लिया, जिनके बीच वीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। महज 10 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना और पदक जीतना उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। वीर की इस उपलब्धि से उनके परिवार, प्रशिक्षक विनोद कश्यप और ग्वालियर के खेल प्रेमियों में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता शहर के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।
