गुना। कैंट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक टाटा नेक्सोन कार से अवैध हथियार ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा राउंड और घटना में प्रयुक्त कार (क्रमांक MP08 ZK 2583) जप्त कर ली है।
14 नवंबर की शाम कैंट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो खंभा की तरफ से एक टाटा नेक्सोन कार में दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर गुना की ओर आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने सामरसिंगा होटल के पास घेराबंदी की और बताए गए हुलिए की कार को रोककर पूछताछ की।
कार चालक ने अपना नाम महेन्द्र (38 वर्ष) निवासी खर्राखेड़ा (थाना बमौरी) और बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम ओमप्रकाश (45 वर्ष) निवासी जौहरी (थाना फतेहगढ़) बताया। तलाशी लेने पर कार की रैक से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा राउंड बरामद हुआ।
इस मामले में कैंट थाने में अपराध क्रमांक 1084/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। सीएसपी सुश्री सैफा हासमी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ गुना पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
