सतना: जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई महीनों तक दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा और उसके पास से घटना से जुड़ा मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 13 नवंबर को सिंहपुर थाने में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़िता ने बताया कि आरोपी पप्पू कुशवाहा उसे अवांछित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था और इसी दबाव व डर के चलते वह पिछले 4-5 महीनों से उसका लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था. नाबालिग की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी गई.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
आरोपी की धरपकड़ के लिए सिंहपुर थाने ने पुलिस की एक विशेष टीम गठित की थी मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दी और आरोपी पप्पू कुशवाहा (27 वर्ष), पुत्र रत्तू कुशवाहा, निवासी ग्राम बंडी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य और सबूत जुटाने के उद्देश्य से आरोपी का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है.
शनिवार को कानूनी प्रक्रिया और मेडिकल जांच पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया. अदालत से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे उपजेल नागौद भेज दिया गया है.
