हटा में मरीज को बीच रास्ते में छोड़कर भागा निजी एंबुलेंस चालक

दमोह। जिले के हटा में करंट लगने से घायल हुए युवक को एक निजी एंबुलेंस का चालक शनिवार सुबह बीच रास्ते में छोड़कर भाग गया. इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में अपने रिश्तेदार की गाड़ी बुलवाई और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां उसका इलाज शुरू किया गया. मरीज को बीच रास्ते में छोड़ने की वजह केवल इतनी थी की परिजनों के पास उस समय पैसे नहीं थे.उन्होंने दमोह पहुंचकर पैसे देने की बात कही थी, लेकिन आधे रास्ते में आकर एंबुलेंस चालक ने अपनी अमानवीयता का परिचय दे दिया.

जानकारी के अनुसार ग्राम पांजी निवासी अक्षु पटेल पिता स्व. मुकेश पटेल को शनिवार सुबह खेत में करंट लगने से वह घायल हो गया था.परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल हटा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया.

बताया जा रहा है कि शासकीय 108 एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी, जिसके कारण परिजनों ने अस्पताल परिसर में खड़ी एक निजी एंबुलेंस के चालक से मरीज को दमोह ले जाने की बात कही.

एंबुलेंस में मरीज को बैठाकर वाहन रवाना हुआ, लेकिन सिविल अस्पताल से कुछ ही दूरी पर एक पेट्रोल पंप पर चालक ने एंबुलेंस रोक दी.

यहां चालक ने ईंधन के लिए तत्काल पैसे मांगे. परिजनों के पास उस समय केवल 400 रुपये ही थे, जो उन्होंने चालक को दे दिए और शेष राशि जिला अस्पताल पहुंचकर देने की बात कही, लेकिन चालक पूरे पैसे की बात पर अड़ गया और मरीज को पेट्रोल पंप पर ही छोड़कर एंबुलेंस लेकर चला गया.

मरीज के चाचा वीरेंद्र पटेल ने बताया कि किसी विश्वकर्मा की निजी एंबुलेंस से अपने भतीजे को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आ रहे थे. उन्होंने एंबुलेंस के चालक से पहले ही कह दिया था कि वह पूरे पैसे दमोह पहुंच कर दे देंगे.उस समय चालक ने हा कह दिया, लेकिन सिविल अस्पताल से कुछ ही दूर चलने के बाद चालक ने एक पेट्रोल पंप पर गाड़ी रोकी और हम लोगों को नीचे उतार दिया और तत्काल पूरे पैसे देने की बात कही. जब हम लोगों ने तत्काल पैसे देने में असमर्थता जताई तो चालक वाहन लेकर भाग गया. इसके बाद हमने अपने एक रिश्तेदार को फोन लगाया और भतीजे को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर के द्वारा घायल का इलाज किया जा रहा है.

वही इस मामले में हटा सिविल अस्पताल के बीएमओ डॉक्टर उमा शंकर पटेल ने बताया कि उन्हें भी इस मामले की जानकारी लगी है.

इसलिए उन्होंने सीएमएचओ को कार्रवाई के लिए एक पत्र लिखा है, ताकि इस प्रकार की मनमानी करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा सके.

Next Post

विद्युत पोल से गिरने पर श्रमिक घायल

Sun May 17 , 2026
पांढुरना। विद्युत मेंटनेस कार्य के दौरान आज विद्युत पोल से गिरने से 24 वर्षीय श्रमीक घायल हो गया, जिसे तुरंत नगर के चिकित्सालय में भर्ती कर उपचार किया जा रहा हैं । विद्युत विभाग द्वारा मानसून के पूर्व रविवार 17 मई को नगर जिला मुख्यालय के सभी वार्डो की सुबह […]

You May Like