देव में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न, करीब 10 लाख व्रतियों ने की पूजा-अर्चना

औरंगाबाद, 16 नवंबर (वार्ता) औरंगाबाद जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल देव स्थित पौराणिक सूर्यकुंड में छठ महापर्व के अवसर सोमवार सुबह करीब 10 लाख छठव्रतियों और श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाला लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया।

इस अवसर पर देव का त्रेतायुगीन सूर्य मंदिर आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर में भगवान भास्कर के दर्शन-पूजन और अर्चना के लिए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालु बारी-बारी से भगवान सूर्य का दर्शन कर पूजा-अर्चना करते रहे। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत बिहार और झारखंड के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे व्रतियों ने सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपना अनुष्ठान पूरा किया।

मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा मेला क्षेत्र में कैंप कर विधि-व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

लोक मान्यता है कि देव में छठ व्रत करने के दौरान भगवान सूर्यदेव की साक्षात उपस्थिति की अनुभूति होती है। यहां के पौराणिक सूर्यकुंड में अर्घ्य अर्पित करने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के कारण प्रत्येक वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देव पहुंचते हैं।

 

 

Next Post

गांधीसागर में 18 नवंबर को होगी मोहन यादव कैबिनेट की बैठक

Mon Nov 16 , 2026
इंदौर. मध्यप्रदेश सरकार की अगली कैबिनेट बैठक 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में आयोजित होगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर होने वाली इस बैठक को डेस्टिनेशन कैबिनेट का स्वरूप दिया गया है. बैठक का मुख्य उद्देश्य गांधीसागर क्षेत्र में विकसित हो रही बड़ी ऊर्जा परियोजना और […]

You May Like