नयी दिल्ली, 15 नवंबर (वार्ता) देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है और इसी क्रम में रविवार शाम डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया।
जिन छठव्रतियों ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया, वे सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व छठ पर्व का अनुष्ठान संपन्न हो जाएगा।
इस अवसर पर नदियों, नहरों, जलाशयों और तालाबों के घाटों को विशेष रूप से सजाया-संवारा गया और इसके लिए प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई। महापर्व छठ के पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं ने लोगों को बधाइयां और शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छठ के पावन अवसर पर देश और दुनिया में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। श्रीमती मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व सूर्यदेव और छठी मैया के प्रति गहरी श्रद्धा और अटूट आस्था का प्रतीक है। चार दिनों तक चलने वाला यह त्योहार तप, संयम और निष्ठा के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं की महत्ता को दर्शाता है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से नदियों और अन्य जल स्रोतों की रक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने का भी आग्रह किया है।
उपराष्ट्रपति सीवी राधाकृष्णन ने छठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “छठ महापर्व के पावन अवसर पर मेरे सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। लोगों की आस्था, श्रद्धा, आत्म-अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक यह महापर्व हमें सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता के मूल्य सिखाता है। मेरी कामना है कि छठी मैया की आराधना का यह पवित्र पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को छठ पर्व की बधाइयां और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रकृति पूजा का यह पवित्र पर्व सभी के जीवन में नयी ऊर्जा और चेतना लेकर आए। श्री मोदी ने प्रार्थना की कि सूर्यदेव की कृपा से सभी का जीवन प्रकाशमय हो।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ”छठ पूजा के संध्या अर्घ्य के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान सूर्यदेव सभी को सुख, समृद्धि, अच्छा स्वास्थ्य और खुशहाली प्रदान करें। यह पर्व सभी के जीवन में नयी ऊर्जा और सकारात्मकता लाए। जय छठी मइया।”
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने लिखा, “सूर्य की स्वर्णिम किरणों में आस्था का उजास हो, छठी मईया के आशीर्वाद से हर आंगन में खुशियों का वास हो। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की श्रद्धा और उदीयमान सूर्य के स्वागत की मंगल बेला हम सभी के जीवन में धैर्य, विश्वास और नवचेतना का संचार करे। भगवान सूर्यदेव एवं छठी मईया की कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे। छठ महापर्व की हार्दिक मंगलकामनाएं।”
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छठ महापर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों और छठव्रतियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार कहा है। श्री सोरेन ने रांची के हटनिया तालाब छठ घाट पर अस्तचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर झारखंडवासियों के लिए सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की। उन्होंने छठ व्रतियों के तप और कठिन व्रत-अनुष्ठान के समर्पण को नमन किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लक्ष्मण मेला घाट (गोमती नदी तट) पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य भी दिया और प्रदेश की खुशहाली व विकास की प्रार्थना की। श्री योगी ने अपने संदेश में भगवान सूर्य और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।
कल सुबह सप्तमी को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय छठ महापर्व के अनुष्ठान संपन्न हो जाएंगे।
