भोपाल। राजधानी भोपाल में लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। रविवार शाम डाला छठ के अवसर पर शहर के विभिन्न छठ घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा में सजे व्रतियों ने सूप में ठेकुआ, फल, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को पहला अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर छठ गीतों की गूंज और पूजा-अर्चना के बीच पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया।
इस अवसर पर प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी नरेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने शाखा ग्राउंड, अन्ना नगर, दुर्गाधाम मंदिर, सुभाष नगर, एकतापुरी, राजेंद्र नगर, काशी विश्वनाथ मंदिर, करोंद, गोकुल धाम और संजीव नगर स्थित घाटों पर श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
वहीं, कमला पार्क स्थित शीतलदास की बगिया घाट पर भोजपुरी एकता मंच समिति की ओर से विशेष छठ पूजा का आयोजन किया गया। यहां दोपहर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। व्रतियों ने ठेकुआ महाप्रसाद, ऋतु फल, अक्षत, दीप-धूप और अन्य पूजन सामग्री से सजे सूप के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। समिति की ओर से घाट पर विशेष सजावट, दीपदान, नौका विहार, आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बिहार के गायक हंसनाथ मिश्रा उर्फ मिठू मिश्रा और वाराणसी के गायक सक्षम शर्मा की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा और चार दिवसीय छठ अनुष्ठान का समापन होगा।
