पारडसिंगा में पुलिस का जनसंवाद कार्यक्रम, एसपी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर किया समाधान

सौसर, लोधीखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पारडसिंगा में पुलिस प्रशासन द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर और एसडीओपी सौसर श्रीमती प्रियंका पांडेय ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा मौके पर ही उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर थाना प्रभारी ए.बी. मर्सकोले भी मौजूद रहे।

*​साइबर अपराध और बैंक फ्रॉड से बचने की दी सलाह* 

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर ने साइबर ठगी से बचने के व्यावहारिक उपाय बताते हुए ग्रामीणों को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने,अपना ओटीपी और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के भी साथ साझा न करने की समझाइश दी।

 *​महिला सुरक्षा व यातायात नियमों पर दिया जोर* 

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा के विषय पर चर्चा करते हुए सुश्री डागर ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और आत्मरक्षा के उपायों के बारे में बताया गया। साथ ही किसी भी विषम परिस्थिति में बिना संकोच पुलिस से तत्काल संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ग्रामीणों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई।

 *​असामाजिक गतिविधियों की सूचना देने की अपील* 

अंत में पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस आमजन की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रामीणों से किसी भी प्रकार के अपराध या असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

You May Like