बीजिंग। इलेक्ट्रिक वाहनों के बाद अब दुनिया की नजरें इलेक्ट्रिक विमानों पर हैं। इसी दिशा में चीन ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। चीन की सरकारी विमानन कंपनी COMAC के पूर्णतः इलेक्ट्रिक यात्री विमान CE-25A ने अपनी पहली पायलट उड़ान सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। यह उपलब्धि छोटी दूरी की हवाई यात्रा के भविष्य के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
14 नवंबर को शेडोंग प्रांत के बिनझोउ में विमान की पहली पायलट उड़ान कराई गई। इस दौरान विमान में दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर मौजूद थे। परीक्षण के दौरान विमान 16 मिनट 38 सेकंड तक हवा में रहा और करीब 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की। इससे पहले CE-25A ने 19 ऑटोनॉमस परीक्षण भी पूरे किए थे।
*19 यात्रियों को ले जाने की क्षमता*
CE-25A को छोटी दूरी की इंटरसिटी हवाई सेवाओं के लिए तैयार किया गया है। इसमें एक साथ 19 यात्री सफर कर सकते हैं। विमान की अधिकतम क्रूजिंग स्पीड 300 किलोमीटर प्रति घंटा और बताई गई अधिकतम रेंज 400 किलोमीटर है। इसकी अधिकतम उड़ान ऊंचाई करीब 2,400 मीटर बताई गई है।
*अभी व्यावसायिक उड़ान का इंतजार*
पहली पायलट उड़ान की सफलता के बावजूद CE-25A अभी परीक्षण के चरण में है। व्यावसायिक उड़ान शुरू करने से पहले इसे जरूरी सुरक्षा परीक्षण और प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इलेक्ट्रिक एविएशन के क्षेत्र में चीन की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अगर विमान सभी परीक्षणों में सफल रहता है, तो भविष्य में छोटी दूरी की हवाई यात्रा में इलेक्ट्रिक विमानों की भूमिका बढ़ सकती है।
