जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने भाजपा जिला अध्यक्ष को बताया आदिवासी

गुना, गुना के जिला पंचायत भवन में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपने संबोधन के दौरान समाज के विभाजन और राजनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने मंच पर मौजूद भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार की ओर इशारा करते हुए उन्हें भी आदिवासी बता दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि प्राचीन समय में न तो कोई जाति थी और न ही कोई आदिवासी शब्द था। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को टुकड़ों में बांटे रखने और अपना राजनीतिक राज्य कायम रखने की नीति आज भी चल रही है। उन्होंने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा कि देश में कोई आदिवासी नहीं है, बल्कि सभी लोग अपने निवास स्थान के आधार पर पहचाने जाते थे। जो लोग पहाड़ों पर रहते थे वे गिरिवासी कहलाए, जो जंगलों में रहते थे वे वनवासी, जो गांवों में रहते थे वे ग्रामवासी और जो नगरों में रहते थे वे नगरवासी कहलाए। इसी क्रम में उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार की ओर इशारा करते हुए कहा कि यहां बैठे धर्मेन्द्र सिंह भी आदिवासी ही हैं।

बिना नाम लिए दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान विधायक पन्नालाल शाक्य ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना उन पर राजनीतिक तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक नेता ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर का नाम तो ले लिया, लेकिन अपने कार्यकाल में कभी किसी आदिवासी को मुख्यमंत्री नहीं बनाया, क्योंकि उनकी सोच यही रही कि मुख्यमंत्री बनेगा तो मेरा बेटा या भाई ही बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि अब चलते-चलते ही सही, कम से कम किसी आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा कर दी जाए।

माता शबरी का उदाहरण देकर दिया सामाजिक समरसता का संदेश

सामाजिक एकता और समरसता पर जोर देते हुए पन्नालाल शाक्य ने रामायण काल की माता शबरी का प्रसंग भी सुनाया। उन्होंने कहा कि जो वास्तव में समाज के सच्चे हितैषी थे, वे भीलनी (माता शबरी) के दरवाजे पर रुके थे और यही कारण है कि आज भी लोग उनका नाम अत्यंत सम्मान के साथ लेते हैं। विधायक ने कहा कि यदि आज के हमारे समाज में भी ऐसी ही समरसता और भेदभाव रहित व्यवस्था स्थापित हो जाए, तो इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य पूरी तरह सार्थक होगा।

Next Post

खाकी की सुस्ती और व्यवस्था की लाचारी: कटनी में चोरों का दुस्साहस, क्या अपराधियों के आगे घुटने टेक चुका है तंत्र?

Sun Nov 15 , 2026
कटनी। शहर इन दिनों अपराधियों की सुरक्षित पनाहगाह बन चुका है, और बरगवां रोड स्थित ‘किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलर्स’ में हुई 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी ने इस सड़ चुकी व्यवस्था के चेहरे से हर एक नकाब नोच कर रख दिया है। यह कोई साधारण चोरी नहीं है, […]

You May Like