सिंगरौली। छठ महापर्व के बीच चितरंगी ब्लॉक के रमडिहा गांव में श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। तहसील चितरंगी के राजस्व ग्राम रमडिहा स्थित तालाब में तीन मगरमच्छों की मौजूदगी के चलते प्रशासन ने आमजन के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसे में छठ पूजा के दौरान इसी तालाब में अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्यदेव को अर्घ्य देने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के सामने अब नया संकट खड़ा हो गया है। तालाब में पूजा-अर्चना और स्नान की संभावना समाप्त होने से लोगों को वैकल्पिक स्थान तलाशना पड़ रहा है। ऐसे में सोन नदी ही श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख विकल्प बन सकती है।
दरअसल, जिला वन मंडल अधिकारी सिंगरौली के पत्र तथा कलेक्टर के निर्देशों के पालन में उपखंड मजिस्ट्रेट चितरंगी देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत 13 नवंबर 2026 को प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक तालाब लगभग 100 मीटर लंबा और 80 मीटर चौड़ा है। पानी अधिक गहरा होने के कारण तीनों मगरमच्छों को रेस्क्यू नहीं किया जा सका है।
प्रशासन ने छठ पूजा सहित अन्य त्योहारों पर संभावित भीड़, जनहानि, डूबने और वन्यजीवों से हमले की आशंका को देखते हुए तालाब परिसर में प्रवेश, मनोरंजन और सामान्य गतिविधियों पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाई है। आदेश का उल्लंघन करने पर धारा 223 के तहत कार्रवाई होगी। अब सवाल है कि छठ व्रतियों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक घाट की व्यवस्था कौन करेगा?
