अमेरिका ने नाटो सदस्यता के बदले यूक्रेन से डोनबास छोड़ने का प्रस्ताव रखा : जेलेंस्की

कीव, 15 नवंबर (वार्ता) येक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिकी वार्ताकारों ने इस विचार को आगे रखा है कि नाटो की सदस्यता के बदले यूक्रेन पूर्वी डोनबास क्षेत्र से अपनी बची हुई सेना को वापस बुला ले।
अमेरिका ने श्री जेलेंस्की की टिप्पणियों की पुष्टि नहीं की है और एक अमेरिकी अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि “कई विचारों पर चर्चा चल रही है, लेकिन किसी भी अंतिम समझौते के लिए दोनों पक्षों की सहमति ज़रूरी होगी”।
यूक्रेनी नेता की ये टिप्पणियां तब आईं जब अमेरिकी दूतों ने रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को खत्म करने की अमेरिकी कोशिशों के तहत रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और श्री जेलेंस्की से मुलाकात की। यूक्रेन लंबे समय से इस सैन्य गठबंधन की सदस्यता पाना चाहता है लेकिन पहले अमेरिका और अन्य देशों ने इसका विरोध किया है। वहीं, रूस का कहना है कि उसकी सीमा पर नाटो का एक और सदस्य होना उसे कतई मंजूर नहीं है।

गौरतलब है कि रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण कर दिया। डोनबास के अधिकांश औद्योगिक क्षेत्र पर उसका नियंत्रण है और श्री जेलेंस्की ने लगातार कहा है कि यूक्रेन अपने संप्रभु क्षेत्र को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है।
श्री जेलेंस्की ने शनिवार को अपने कार्यालय द्वारा जारी बयानों में कहा, “अमेरिकियों ने एक सवाल उठाया कि क्या होगा अगर यूक्रेन नाटो में शामिल हो जाए? क्या यूक्रेन डोनबास से हट जाएगा?’ यह पहली बार था जब ऐसा सवाल उठाया गया था।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर उन्हें कोई ऐसा ठोस प्रस्ताव मिलता है जिसमें सुरक्षा की गारंटी हो, यूक्रेन की सेना पर कोई पाबंदी न हो और देश के पुनर्निर्माण के लिए फंड मिले तो वह इसे जनमत संग्रह के लिए रखेंगे।
मास्को में श्री पुतिन के साथ बातचीत के एक दौर के बाद, अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर और स्टीव विटकोफ गुरुवार को श्री ज़ेलेंस्की से मिलने के लिए आयरलैंड की राजधानी डबलिन गए थे।
श्री पुतिन और क्रेमलिन के अधिकारियों, दोनों की टिप्पणियों से पता चलता है कि युद्ध को लेकर रूस के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। इससे पहले उसने शांति समझौते की शर्तों के तौर पर यूक्रेन की सेना के आकार को सीमित करने, कुछ इलाके सौंपने और कीव के तटस्थ रहने की गारंटी देने का प्रस्ताव रखा था।
यूक्रेन ने इन्हें खारिज कर दिया है और तर्क दिया है कि इस तरह की पाबंदियां भविष्य में होने वाले किसी भी हमले को रोकने की उसकी क्षमता में बाधा डालेंगी।
अमेरिका के अलावा नाटो के अन्य सदस्य यूक्रेन को सदस्यता देने को लेकर सतर्क हैं और माना जाता है कि खुद यूक्रेन भी इसे अव्यावहारिक मानता है। रूस ने भी हमेशा इसका कड़ा विरोध किया है। यही एक कारण है कि रूस ने यह युद्ध शुरू किया।

.....

Next Post

सीएम हेल्पलाइन में दो दिवस में रैंकिंग में सुधार लाएं: अंकित

Sun Nov 15 , 2026
सिंगरौली : कलेक्टर अंकित अस्थाना ने कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार विस्तृत समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निराकरण में तेजी लाते हुए आगामी दो दिवस में जिले की रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करें।बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी […]

You May Like