रामद्वारा में संत अमृतराम ने सुनाए हिरण्याक्ष वध, सती चरित्र एवं नवधा भक्ति के प्रसंग

ग्वालियर :कलयुग में आत्मकल्याण का सबसे सरल उपाय भक्ति है। मनुष्य को जीवनभर परमात्मा का चिंतन, प्रभु स्मरण और भजन करना चाहिए। यह प्रेरणादायी विचार रामद्वारा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में पुष्कर के रामस्नेही संत अमृतराम ने व्यक्त किए।
भगवान अपने भक्तों को मोह-माया से निकालते हैं
संत अमृतराम ने भगवान के हिरण्याक्ष वध और वराह अवतार का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि भगवान ने पृथ्वी को समुद्र से बाहर निकालकर उसका उद्धार किया। इसी प्रकार यदि कोई भक्त मोह-माया के कीचड़ में फंस जाता है तो भगवान उसे भी बाहर निकालते हैं। उन्होंने कमल पुष्प का उदाहरण देते हुए कहा कि कमल कीचड़ में जन्म लेकर भी जल से ऊपर रहता है। उसी प्रकार मनुष्य को संसार में रहते हुए मोह-माया से ऊपर उठकर जीवन जीना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी को बंगला, गाड़ी और अनेक सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन वह जानता है कि सेवानिवृत्ति के बाद ये सभी सुविधाएं सरकार को लौटानी होंगी। इसलिए उसे इनके प्रति अनासक्त रहना चाहिए। मानव जीवन भोग के लिए नहीं, बल्कि भजन के लिए मिला है। सत्संग ऐसा अस्त्र है, जो अज्ञान को समाप्त करने में समर्थ है।
संत की पहचान वेशभूषा नहीं, बल्कि करुणा और सहनशीलता
संत श्री ने कहा कि संत की पहचान उसके गणवेश से नहीं, बल्कि उसकी सहनशीलता, करुणा और दया से होती है। उत्तम भक्त वही है, जो प्रत्येक प्राणी में परमात्मा के दर्शन करता है। वृद्धावस्था में जब शरीर रोगों से घिर जाता है, तब भी मनुष्य का मोह नहीं छूटता। इसलिए जीवन रहते हुए ही प्रभु भक्ति और आत्मचिंतन को अपनाना चाहिए।
कथा के दौरान कपिल-देवहूति संवाद, भरत चरित्र और प्रहलाद चरित्र के प्रसंगों की भावपूर्ण व्याख्या की गई। संत श्री द्वारा प्रस्तुत भजनों और कीर्तनों को सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
आयोजन परिवार ने किया व्यास पूजन एवं आरती
कथा के अंत में आयोजन परिवार के कुसुमलता पचोरिया, हितेश, आस्था, कंचन पचोरिया, अरुण, रामअवतार सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, प्रेम अग्रवाल, प्रीतेश अग्रवाल एवं रामदेव दानी ने व्यास पूजन कर आरती की।
रामद्वारा ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने की अपील की है।

Next Post

छठ पर सतना जंक्शन होकर गुजरेंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें, पुणे और मुंबई से बिहार के लिए मिलेगी सुविधा

Sun Nov 15 , 2026
सतना। छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पुणे और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) से बिहार के लिए चलाई जा रही कई स्पेशल ट्रेनें सतना […]

You May Like