जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी में तैनात सूबेदार मेजर दिलीप पांडेय का निधन

सतना भारतीय थलसेना की आर्मी एयर डिफेंस कोर में सेवारत जिले के लाल सूबेदार मेजर दिलीप पांडेय का जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान ब्रेन हेमरेज के कारण निधन हो गया. शनिवार को उनका पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम चौड़ा पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई.

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप पांडेय वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात थे. कुछ दिन पूर्व अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहीं उनका इलाज चल रहा था. शुक्रवार की सुबह परिवार को उनके असामयिक निधन की दुखद सूचना मिली.

पोते को देखने दीपावली पर घर आने वाले थे
शहीद सूबेदार मेजर के परिवार में इन दिनों एक नन्हे मेहमान के आने की खुशी थी. उनके बड़े बेटे विक्रम के घर बेटे का जन्म हुआ था. इसी खुशी में दिलीप पांडेय दीपावली पर घर आने वाले थे. वे अपने परिवार के साथ वक्त बिताने और पोते को देखने के लिए बेहद उत्सुक थे, लेकिन घर लौटने से पहले ही उनकी शहादत की खबर आ गई. दिलीप पांडेय भारतीय थलसेना की महत्वपूर्ण विंग ‘आर्मी एयर डिफेंस कोर’ में अपनी सेवाएं दे रहे थे. यह कोर दुश्मन के विमानों, ड्रोनों और मिसाइल हमलों से देश के हवाई क्षेत्र और सैन्य ठिकानों की रक्षा करने की जिम्मेदारी संभालती है.

परिवार में शोक की लहर
दिवंगत सूबेदार मेजर के पिता रामेश्वर प्रसाद पांडेय का पहले ही निधन हो चुका है. उनके परिवार में उनकी पत्नी संध्या पांडेय और दो बेटे हैं. बड़ा बेटा विक्रम निजी नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा विनीत इंदौर में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहा है. अंतिम संस्कार के दौरान पत्नी संध्या, बड़े बेटे विक्रम सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग, ग्रामीण और सैन्य अधिकारी मौजूद रहे. हर किसी की आंखें नम थीं और पूरा क्षेत्र अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा था

Next Post

सोने का दाम आज बढ़ा या घटा? 10 दिन में गोल्ड 8660 रुपये सस्ता हुआ

Sun Nov 15 , 2026
  मुंबई, सोना 10 दिनों में ₹8,660 और चांदी ₹15,000 सस्ती हुई। क्या 2027 तक सोना ₹1.87 लाख और चांदी ₹5.45 लाख के पार पहुंचेगी? आइए जानते हैं सोने-चांदी के दाम आज बढ़ा या घटा। सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रहने के बाद रविवार को […]

You May Like