
सीहोर। हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद क्रमोन्नति का लाभ नहीं मिलने और गलत वेतन निर्धारण से पेंशन में कटौती के विरोध में 84 वर्षीय सेवानिवृत्त वन कर्मचारी नेता केएल बैरागी ने शनिवार सुबह 11 बजे आमरण अनशन शुरू कर दिया.
बैरागी मई 2004 में वनपाल पद से सेवानिवृत्त हुए थे. उनके अनुसार हाईकोर्ट के 18 जनवरी 11 के आदेश के पालन में तत्कालीन वनमंडलाधिकारी ने 1 अगस्त 11 को उन्हें 29 दिसंबर 1988 से वनपाल पद पर पदोन्नति दी थी. इसके बाद 3500-5200 के वेतनमान में वेतन निर्धारण किया गया, जिसे प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय ने भी सही माना था. आरोप है कि 15 सितंबर 2011 को दूसरे वनमंडलाधिकारी ने नया आदेश जारी कर वेतनमान 3500-5100 कर दिया. इससे पीपीओ संशोधित हुआ और पेंशन कम मिलने लगी. बैरागी ने कलेक्टर, एसपी, डीएफओ और प्रधान मुख्य वन संरक्षक को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई. अनशन के पहले दिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. विभाग ने पत्र भेजकर उन्हें क्रमोन्नति के लिए अपात्र बताया है. अनशन को पंडित राममूर्ति शर्मा, बेनी प्रसाद कुशवाहा, नर्मदा प्रसाद खरे, वीरेंद्र सिंह बिसोरिया, विनोद उपाध्याय, सुधीर दुबे व अनेक पेंशनर्स ने समर्थन दिया.
