
बुधनी। ग्राम पीलीकरार की वर्धमान फैब्रिक्स परिसर में बाघ की मौजूदगी ने कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है. बीते दो दिनों से कंपनी परिसर और उसके आसपास बाघ का मूवमेंट बना हुआ है. बाघ दिखाई देने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है और लगातार सर्चिंग कर उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है.
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बाघ वर्द्धमान फैब्रिक्स के पीछे वाले हिस्से में दिखा था. शनिवार को भी बाघ के नजर आने की सूचना मिली. इसके बाद वन विभाग की टीम ने कंपनी के आसपास करीब 15 एकड़ खाली क्षेत्र में सर्चिंग की. बाघ की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। कर्मचारियों को अकेले सुनसान स्थानों और झाडिय़ों वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की हिदायत दी गई है। वहीं, कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
