व्रतियों ने शुरू किया 36 घंटे का निर्जला व्रत

सिंगरौली । लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिलेभर में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। आज शनिवार को छठ महापर्व के दूसरे दिन व्रती महिलाओं ने विधि-विधान और पूरी श्रद्धा के साथ खरना पूजा की।

सुबह से ही व्रतियों ने निर्जला उपवास रखा और दिनभर छठी मैया एवं भगवान सूर्य की आराधना में लीन रहीं। शाम को स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात मिट्टी के चूल्हे पर तैयार की गई गुड़ की खीर और रोटी का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण किया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो गया, जिसका समापन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होगा। खरना पूजा के साथ ही छठ महापर्व की कठिन साधना का महत्वपूर्ण चरण शुरू हो गया है। मान्यता है कि खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती 36 घंटे तक अन्न और जल का त्याग कर छठी मैया एवं भगवान सूर्य की उपासना करते हैं। इस दौरान व्रती पूरी शुद्धता और नियम-निष्ठा के साथ पर्व की परंपराओं का निर्वहन करते हैं। इधर छठ पर्व को लेकर मोरवा के विभिन्न घाटों पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने दिनभर घाटों की साफ.-सफाई, वेदियों की व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों को अंतिम रूप दिया। कल रविवार की शाम को व्रती महिलाएं और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

इनका कहना:-

बचपन से ही छठ माई में मेरी आस्था है। मेरी सास व्रत रखा करती थी, शादी के अगले साल से ही मैंने यह व्रत करना शुरू किया और लगातार 25 वर्षों से इस व्रत को अपने परिवार के लिए कर रही हूँ।

रीमी शर्मा, मोरवा

इनका कहना:-

29 साल से लगातार छठ माई का व्रत कर रही हूं। यह व्रत अपने परिवार के सुख शांति और समृद्धि के लिए किया जाता है। छठ माई में मेरी बहुत आस्था है। यहां छठ मईया पूजा का अलग ही महत्व है। हम सब विधि विधान से सूर्य उपासना करती हूॅ।

आशा किरण

नेहरूनगर, मोरवा

इनका कहना:-

यह लोक आस्था का महापर्व हमारे घर नहीं होता था, लेकिन बीते 2 वर्षों से हमारे किरायदार घर पर ही छठ पूजा करते हैं, उसके लिए मैं तन मन से सेवा भाव अर्पित कर खुद को धन्य मानता हूं।

महेन्द्र गुप्ता

नेहरूनगर, मोरवा

इनका कहना:-

छठ पूजा का हमारे बिहार प्रांत में बहुत महत्वपूर्ण है। पूरे आस्था के साथ हम सब व्रत कठिन रखते हैं। छठ मईया की कृपा हम सब पर बनी है। चार दिनों का पूजापाठ और तीन दिनों का व्रत रहता है।

सनोज कुमार ठाकुर

गनियारी, चौरा टोला

Next Post

खो-खो में डिग्री कॉलेज के टीम ने मारी बाजी

Sat Nov 14 , 2026
देवसर । स्थानीय कॉलेज देवसर में जिला स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की महिला खिलाड़ि़यों ने सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि […]

You May Like