
शक्तिनगर। शक्तिनगर परिक्षेत्र के कोटा खड़िया सब स्टेशन का हाल अंधेर नगरी चौपट राजा जैसी हो गई है। छोटी से छोटी बिजली फाल्ट को भी बड़ी समस्या बनाने में यहां के बिजली कर्मचारी महारत हासिल कर चुके हैं। बीते सोमवार की रात को बाधित हुई बिजली आपूर्ति 16 घंटे बीत जाने के बाद भी बहाल नहीं हो सकी। उमस भरी गर्मी में बिलबिलाती जनता स्थानीय अवर अभियंता को विद्युत बल होने के स्टेटस जानने के लिए कॉल करती रही, लेकिन जेई ने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं कोटा सबस्टेशन से रात्रि 8 बजे से लेकर एक बजे तक आश्वासन मिलता रहा की एक घंटे में विद्युत आपूर्ति बहाल हो जाएगी, फाल्ट मिल गया है।
उमस भरी गर्मी जब बर्दाश्त के बाहर हो गई तो परेशान दर्जनों लोग कोटा सबस्टेशन पहुंचकर नाराजगी जताते हुए स्थानीय अवर अभियंता से बात कराने पर अड़ गए। सबस्टेशन कर्मचारी गेट के अंदर से ही बात करने पर बताया कि हम वही जानकारी देते हैं जो लाइनमैन हमें उपलब्ध कराते हैं। रात्रि में ही अंबेडकर नगर निवासी रंजीत राय ने ट्विटर के माध्यम से मुख्यमंत्री और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति ठप होने की सूचना देते हुए स्थानीय बिजली कर्मचारी के लापरवाही भरे रवैए की शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के ट्विटर हैंडल से सोनभद्र के बिजली विभाग के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए निर्देशित किया गया।
