
मंदसौर। भारत की गौरवशाली ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और युवा पीढ़ी को इससे परिचित कराना वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है। विरासतों का संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों में अपने इतिहास और संस्कृति के प्रति चेतना जागृत करेगा। यह बात प्रख्यात इतिहासकार एवं वरिष्ठ पुरातत्वविद् तथा दशपुर प्राच्य शोध संस्थान के निदेशक कैलाश चन्द्र पाण्डेय ने शनिवार को सम्राट यशोधर्मन पुरातत्व संग्रहालय में सात दिवसीय सांस्कृतिक विरासत संरक्षण एवं स्वदेश वापसी विषयक प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद् एवं पुरातत्वविद् गिरिजा शंकर रूनवाल ने की। पाण्डेय ने कहा कि मंदसौर सहित देश के विभिन्न स्थानों पर अनेक दुर्लभ प्रतिमाएं और पुरावशेष मौजूद हैं। इनके संरक्षण के साथ विदेशों में पहुंचाई गई चोरी की प्राचीन प्रतिमाओं को वापस लाने के प्रयास भी जरूरी हैं। उन्होंने नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और शोधार्थियों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने का आह्वान किया।
उप संचालक पुरातत्व विभाग इंदौर के एल.के. डाबी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण केवल स्मारकों और कलाकृतियों को सुरक्षित रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी ऐतिहासिक पहचान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व है। प्रदर्शनी में सांस्कृतिक संपदा की चोरी, अंतरराष्ट्रीय तस्करी, पुरावशेषों की पहचान और विदेशों से उनकी वापसी के प्रयासों को जानकारीपरक पैनलों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
उन्होंने बताया कि यूनेस्को ने वर्ष 2019 में 14 नवंबर को सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया था। इसी उद्देश्य से प्रदेश के इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन और मंदसौर सहित 19 स्थानों पर प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है।
प्रारंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त आर्मी कमांडर बद्रीलाल जोशी, कमलेश शर्मा, जेपी शर्मा, ज्योति चौहान, नलिनी जैन, प्रवीण शर्मा, रामेश्वर मेघवाल, मनीष रूनवाल, महेश दमामी, वरिष्ठ फोटो पत्रकार राजेश कुलश्रेष्ठ, निखिल सहित अन्य गणमान्यजन एवं चंद्रपुरा के विद्यालयों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी का उद्घाटन कैलाश चन्द्र पाण्डेय एवं बद्रीलाल जोशी ने किया। संग्रहालय प्रभारी रामेश्वर मेघवाल ने बताया कि प्रदर्शनी आमजन के लिए निःशुल्क है। सोमवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक इसका अवलोकन किया जा सकता है।
