
थांदला. नौगावां रेलवे स्टेशन के सामने से मैजिक टेम्पो चोरी होने के मामले में थांदला पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया करीब 6 लाख रुपये कीमत का मैजिक टेम्पो ग्राम अमरगढ़ के जंगल से बरामद किया है।
दरअसल, 11 नवंबर को नौगावां निवासी रोमिल मावी ने थांदला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका मैजिक टेम्पो क्रमांक MP45T1064 रेलवे स्टेशन के सामने खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति टेम्पो चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने लगातार जांच और कार्रवाई करते हुए 13 नवंबर को ग्राम अमरगढ़ के जंगल में एक सुनसान स्थान से चोरी गया मैजिक टेम्पो बरामद किया। मामले में उमेश पिता तेरु वसुनिया (35), निवासी मियाटी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देश एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तारा मंडलोई के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में नौगावां चौकी प्रभारी लक्ष्मणसिंह डोडियार सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।
