नागदा में स्कूल प्राचार्य की शर्मनाक हरकत, छात्रों को मुर्गा बनाकर मारी लात, वीडियो वायरल

उज्जैन/नागदा। नागदा जंक्शन स्थित भारत कॉमर्स हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य डॉ. कुंजबिहारी गुप्ता द्वारा छात्रों को मुर्गा बनाकर लात मारने और डंडे से पीटने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों में भारी रोष है

होमवर्क न करने पर मिली कड़ी सजा

दरअसल, स्कूल के प्राचार्य डॉ. कुंजबिहारी गुप्ता ने पढ़ाई और होमवर्क पूरा नहीं करने पर कक्षा 9 वीं और 10 वीं के आधा दर्जन से ज्यादा बच्चों को यह सजा दी. वहीं, वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा जगत में नाराजगी है.

पीड़ित के पिता ने थाने में दी शिकायत

एक पीड़ित छात्र के पिता दिनेश सिसौदिया ने बिरलाग्राम थाने में प्राचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि गुरुवार को होमवर्क की कॉपी भूलने पर उनके बेटे को मुर्गा बनाकर सजा दी गई और मारपीट की गई. पिता का यह भी कहना है कि बुधवार को भी प्राचार्य ने उनके बेटे और पड़ोस के एक अन्य छात्र के साथ उनके सामने मारपीट की थी. जब वे स्कूल जाकर प्राचार्य से बात करने पहुंचे, तो उनके बच्चे की टीसी कटवाने की बात कहकर उन्हें अपमानित किया गया.

प्राचार्य ने आरोपों को नकारा

वहीं, प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों को लात नहीं मारी, बल्कि उन्हें ऊंचा किया था. उन्होंने कहा कि बच्चे पढ़ाई में कमजोर हैं और इसकी जानकारी माता-पिता को देने की बात भी कही थी. प्राचार्य ने पूरे मामले को अपने खिलाफ साजिश बताया है.

पहले भी लग चुके हैं ऐसे आरोप

बताया जा रहा है कि इससे पहले जनवरी में भी बच्चों के बाल काटने को लेकर प्राचार्य पर अमानवीय व्यवहार के आरोप लगे थे, लेकिन तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब दूसरी बार गंभीर आरोप लगने के बाद स्कूल मैनेजमेंट कमेटी सवालों के घेरे में है. समिति के उपाध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत ने चार्जशीट के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है.

इस मामले में बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार ने बताया कि शिकायत और वीडियो की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, सभी की नजरें पुलिस जांच और स्कूल मैनेजमेंट के फैसले पर टिकी हैं।

Next Post

किसानों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं:ज्ञान सिंह

Sat Nov 14 , 2026
सीधी। रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों के प्रति की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद जनार्दन मिश्रा का पुतला दहन कर नारेबाजी की और किसानों […]

You May Like