खरना की पूजा के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, बाबा घाट पर उमड़ेगी छठ व्रतियों की आस्था

रीवा/ लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान में खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। पर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने पूरे दिन उपवास रखकर शाम को विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत गुड़ की खीर और गेहूं के आटे की रोटी का पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया गया। इसी के साथ छठ व्रत का सबसे कठिन चरण माने जाने वाले 36 घंटे के निर्जला उपवास का संकल्प शुरू हो गया।

खरना के दिन शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। प्रसाद तैयार करने से पहले रसोई और पूजा स्थल की साफ-सफाई की जाती है। पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार कई परिवारों में मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर और रोटी तैयार की जाती है। प्रसाद बनाने में दूध, चावल और गुड़ का उपयोग किया जाता है। मान्यता है कि खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती निर्जला उपवास शुरू करते हैं, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद संपन्न होता है।

बाबा घाट पर जुटेंगे छठ व्रती, डूबते सूर्य को देंगे अर्घ्य

छठ महापर्व के अवसर पर रीवा के बाबा घाट में आज बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं अपने परिवार के साथ एकत्रित होकर छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगी। नदी में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। घाट पर छठ गीतों, पारंपरिक पूजन और श्रद्धा के बीच भक्तिमय वातावरण निर्मित होगा।

हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू, भोजपुरी उत्सव समिति के अध्यक्ष नंदजी तिवारी, श्रीप्रकाश तोमर, अजय उपाध्याय, विजय उपाध्याय एवं अमित तिवारी सहित समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्रद्धालुओं से बाबा घाट पहुंचकर छठी मैया की पूजा-अर्चना में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से पर्व की पवित्रता, स्वच्छता और परंपराओं का ध्यान रखते हुए आयोजन में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।

Next Post

नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब 100 गांवों की बदलेगी तस्वीर

Sat Nov 14 , 2026
बालाघाट, नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब जिले के नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से 330 करोड़ रुपये […]

You May Like