गांगीवाड़ा पीएनबी में चोरी के प्रयास का खुलासा

छिंदवाड़ा. देहात थाना पुलिस ने गांगीवाड़ा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में दीपावली की रात हुए चोरी के प्रयास की गुत्थी को सुलझा लिया है. पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत दो अन्य शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पहले से ही चोरी के मामले दर्ज हैं, जबकि इनका एक अन्य साथी अभी फरार है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीएनबी गांगीवाड़ा के शाखा प्रबंधक सोनल इंदल भावे ने देहात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 8 नवंबर की सुबह करीब 4:18 बजे बैंक का सायरन अलार्म बजने की सूचना फोन पर मिली. जब बैंक कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया, तो पाया कि बैंक के शटर के ताले टूटे हुए थे और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया था. सायरन बजने के कारण आरोपी नकदी ले जाने में सफल नहीं हो सके थे. दीपावली के दिन बैंक में हुई इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी. पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले फिंगरप्रिंट, भौतिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की. 13 नवंबर को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने फरार साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया.

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड और जब्ती ००००

पुलिस ने इस मामले में अली नगर निवासी अल्ताफ पिता बशीर कुरैशी 19 वर्ष, पातालेश्वर निवासी आदर्श पिता मुकेश बोहद 19 वर्ष और एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया है. अल्ताफ के खिलाफ कोतवाली थाने में और आदर्श के खिलाफ देहात थाने में पूर्व से ही चोरी के प्रकरण दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक लोहे की रॉड और एक सीडी डीलक्स बाइक जब्त की है. फरार चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

इनकी रही सराहनीय भूमिका ००००००००

इस पूरी कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ निरीक्षक सत्येन्द्र बघेल, उपनिरीक्षक नरेन्द्र उपाध्याय, सहायक उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सौरभ, सूरज सिंह चौहान, शेरसिंह रघुवंशी, सैनिक दयाराम तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक नितिन ठाकुर और आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

Next Post

सीबीआई अदालत ने पंजाब चावल खरीद घोटाले में 14 अफसरों और 16 निजी मिलरों को तीन साल की सजा दी

Sat Nov 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की मोहाली स्थित विशेष अदालत ने 2004-05 के पंजाब चावल खरीद घोटाले में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के 14 अधिकारियों और 16 निजी चावल मिल मालिकों समेत कुल 30 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए अलग-अलग सजाएं सुनाई है। सीबीआई ने शनिवार […]

You May Like