सीबीआई अदालत ने पंजाब चावल खरीद घोटाले में 14 अफसरों और 16 निजी मिलरों को तीन साल की सजा दी

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की मोहाली स्थित विशेष अदालत ने 2004-05 के पंजाब चावल खरीद घोटाले में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के 14 अधिकारियों और 16 निजी चावल मिल मालिकों समेत कुल 30 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए अलग-अलग सजाएं सुनाई है। सीबीआई ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि अदालत ने 13 नवंबर को सुनाए अपने फैसले में सभी दोषियों को भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी तथा 14 एफसीआई अधिकारियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत दोषी पाया है। अदालत ने सभी दोषियों को एक से तीन साल तक के कठोर कारावास के साथ जुर्माने की सजा सुनाई है।

यह मामला खरीफ सीजन 2004-05 के दौरान एफसीआई अधिकारियों और निजी चावल मिलरों के बीच रची गई आपराधिक साजिश से जुड़ा है। इसके तहत पंजाब के संगरूर जिले के मालेरकोटला, सुनाम और तपा स्थित एफसीआई केंद्रों पर घटिया किस्म के चावल को ‘ग्रेड-ए’ चावल के रूप में स्वीकार किया गया था, जिससे मिलरों को गलत तरीके से भुगतान हुआ और एफसीआई को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा।

सीबीआई ने सितंबर 2005 में किए गए संयुक्त औचक निरीक्षण के दौरान इन अनियमितताओं का खुलासा हुआ था। प्रयोगशाला में चावल के नमूनों की जांच से पुष्टि हुई कि खेप निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं थी। इसके बाद सीबीआई ने सात जनवरी 2006 को मामला दर्ज किया और जांच पूरी होने के बाद 28 नवंबर 2008 को तीन अलग-अलग आरोपपत्र दाखिल किए थे।

मालेरकोटला सेंटर मामले में अदालत ने पांच एफसीआई अधिकारियों और पांच निजी चावल मिलरों सहित 10 आरोपियों को दोषी ठहराया है। इनमें एफसीआई के तत्कालीन तकनीकी सहायक वरिंदर राजपूत, गिरधारी लाल और के.पी. सिंह तथा तत्कालीन सहायक प्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण) रौनक अली और आर.एन. शर्मा को दो साल के कठोर कारावास और 15-15 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई है।
वहीं, निजी मिलरों में मेसर्स शिव शक्ति राइस एग्रो प्रोडक्ट्स के साझेदार हरीश कुमार व रजनीश कुमार तथा मेसर्स आर.के. एग्रो टेक के साझेदार राकेश गोयल को तीन साल के कठोर कारावास और 25-25 हजार रुपये के जुर्माने की सजा दी गई है, जबकि मेसर्स शिव शक्ति राइस एग्रो प्रोडक्ट्स के साझेदार रमेश सिंगला और मेसर्स सतकरतार राइस एंड एग्रो मिल्स के साझेदार नरिंदर कुमार को दो साल के कठोर कारावास और 20-20 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई है।

सुनाम सेंटर मामले में अदालत ने तीन एफसीआई अधिकारियों और तीन निजी चावल मिलरों सहित छह आरोपियों को दोषी करार दिया है। इसमें एफसीआई के तत्कालीन सहायक प्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण) आर.सी. वर्मा और तत्कालीन तकनीकी सहायक सोम पाल सिंह व के.एल. गुलाटी को दो साल के कठोर कारावास और 15-15 हजार रुपये के जुर्माने की सजा मिली है। निजी मिलरों में मेसर्स महावीर राइस मिल्स के साझेदार केवल कृष्ण को एक साल के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है, जबकि मेसर्स के.सी. राइस मिल्स के साझेदार हरि राम और जीवन लाल को दो साल के कठोर कारावास और 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा दी गई है।

तपा सेंटर मामले में अदालत ने छह एफसीआई अधिकारियों और आठ निजी व्यक्तियों सहित कुल 14 आरोपियों को दोषी ठहराया है। इनमें एफसीआई के तत्कालीन उप प्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण) गुरमैल सिंह, तत्कालीन सहायक प्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण) आर.एस. सिरोही और तत्कालीन तकनीकी सहायक रमेश कुमार, हरिंदर सिंह, हरीश कुमार तथा सतनाम सिंह को दो साल के कठोर कारावास और 15-15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है।

इसके अलावा निजी व्यक्तियों में मेसर्स बंसल राइस मिल्स के साझेदार बुध राम, सुखानंद राइस उद्योग समिति के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा और मेसर्स गंगा राइस मिल्स के मालिक भूषण कुमार को तीन साल के कठोर कारावास और 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है, जबकि मेसर्स जय ज्वाला राइस मिल्स के साझेदार विनोद कुमार, धालीवाल राइस उद्योग समिति के सचिव भारत भूषण, मेसर्स लक्ष्मी राइस मिल्स के साझेदार अशोक कुमार व सुरिंदर कुमार और मेसर्स बी.आई.डी. राइस मिल्स के साझेदार रमेश कुमार को दो साल के कठोर कारावास और 20-20 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई है।

.....

Next Post

खरना की पूजा के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, बाबा घाट पर उमड़ेगी छठ व्रतियों की आस्था

Sat Nov 14 , 2026
रीवा/ लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान में खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। पर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने पूरे दिन उपवास रखकर शाम को विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत गुड़ की खीर […]

You May Like