
इंदौर. शहर के पॉश इलाके खातीवाला टैंक में देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने चोरी की कोशिश की. बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर पहुंचे और पेचकस से गेट का ताला तोड़कर कॉस्मेटिक गोडाउन में घुस गए. मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीनों की हरकतें कैद हो गई हैं. शुरुआती जांच में गोडाउन से किसी सामान या नकदी की चोरी होने की बात सामने नहीं आई है.
मामला खातीवाला टैंक स्थित मकान नंबर 428 आर का है. यह मकान कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता सन्नी राजपाल का बताया जा रहा है. मकान में किराएदार राहुल बजाज का कॉस्मेटिक उत्पादों का गोडाउन संचालित होता है. यहां कोई रहता नहीं है और केवल कॉस्मेटिक का सामान रखा जाता है. देर रात करीब 4 से 4:30 बजे के बीच एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे. उन्होंने पेचकस की मदद से गेट का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए. बदमाशों ने गोडाउन में प्रवेश कर काफी देर तक गतिविधियां कीं. उनकी पूरी हरकत सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में तीनों बेखौफ अंदाज में गोडाउन में घुसते नजर आ रहे हैं. घटना की जानकारी मिलने पर जूनी इंदौर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है. शुरुआती जांच में गोडाउन से कोई सामान या नकदी चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है, आशंका है कि किसी आहट या अन्य वजह से बदमाश बिना चोरी किए लौट गए. थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि खातीवाला टैंक में कॉस्मेटिक गोडाउन का ताला तोड़कर अंदर घुसने की सूचना पर पुलिस ने जांच की है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है. शुरुआती जांच में गोडाउन से कोई सामान चोरी होने की जानकारी नहीं मिली है.
