जहरीला पदार्थ खाने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, मृत्यु से पहले का वीडियो आया सामने

इंदौर. चंदन नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले 45 वर्षीय व्यक्ति की जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल से एमवाय अस्पताल रेफर किया था. घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने अपनों के व्यवहार से परेशान होने की बात कही है. वीडियो में उसने मृत्यु के बाद देहदान करने के लिए दस्तावेज तैयार करवाने का भी जिक्र किया है.

मृतक की पहचान लोकेंद्र पिता शंकर सिंह तोमर, निवासी मारुति पैलेस, चंदन नगर के रूप में हुई है. लोकेंद्र ने जिला अस्पताल परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया था. इसके बाद वह अस्पताल की मर्च्यूरी के बाहर जाकर बैठ गया. वहां मौजूद लोगों ने उसकी बिगड़ती हालत देखी तो उसे तत्काल इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें लोकेंद्र आसपास मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए अपने कदम के लिए खुद को जिम्मेदार बता रहा है. उसने कहा कि वह काफी परेशान हो चुका था और अपनों के व्यवहार से आहत था. बातचीत में उसने यह भी बताया कि मृत्यु के बाद उसका शरीर एमवाय मेडिकल कॉलेज को शोध के लिए सौंपने के उद्देश्य से देहदान के दस्तावेज तैयार करवाए हैं. घटना के बाद चंदन नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है. साथ ही वीडियो में कही गई बातों और पारिवारिक परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके.

Next Post

प्रदेश बढ़ते माफियाराज के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का मांगा इस्तीफा

Tue Nov 3 , 2026
सीधी। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार शराब माफ़िया के हमले में शहीद खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या प्रदेश में बढ़ते माफियाराज गुंडाराज शराब माफिया और नशे के अवैध कारोबार के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सीधी द्वारा गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों […]

You May Like