सागर:नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने औद्योगिक क्षेत्र सिदगुवां पहुंचकर प्रस्तावित फर्नीचर क्लस्टर का विस्तृत निरीक्षण किया। बैठक में विधायक श्री लारिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फर्नीचर क्लस्टर की स्थापना से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाई जाए तथा बिजली, सड़क, पानी, आंतरिक मार्ग, ड्रेनेज एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि यह क्लस्टर क्षेत्र के औद्योगिक विकास का आधार बनेगा और स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान करेगा।
विधायक श्री लारिया ने एसडीएम अमन मिश्रा से कहा कि क्षेत्र में संचालित समस्त आरा मशीन संचालकों एवं फर्नीचर व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों को फर्नीचर क्लस्टर एरिया में शिफ्ट होने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि सभी इकाइयों को एक संगठित एवं सुव्यवस्थित औद्योगिक वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर फर्नीचर एवं लकड़ी उद्योग की इकाइयों के स्थापित होने से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, परिवहन एवं उत्पादन लागत में कमी आएगी, आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा छोटे उद्यमियों को भी बड़े बाजार से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
विधायक श्री लारिया ने कहा कि फर्नीचर क्लस्टर के विकसित होने से सिदगुवां क्षेत्र भविष्य में प्रदेश के प्रमुख वुड एवं फर्नीचर उद्योग केंद्र के रूप में स्थापित होगा। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा बल्कि सागर जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी।एसडीएम अमन मिश्रा ने बैठक में आश्वस्त किया कि शासन की प्राथमिकता वाले इस महत्वपूर्ण प्रकल्प में सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि फर्नीचर क्लस्टर के विकसित होने से क्षेत्र में सुनियोजित औद्योगिक वातावरण तैयार होगा तथा स्थानीय उद्यमियों को बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध हो सकेगी।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा भूमि विकास, विद्युत आपूर्ति, जल व्यवस्था, सड़क निर्माण तथा अन्य तकनीकी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री लारिया ने सभी विभागों को विकास कार्यों में गति लाकर सिदगुवां फर्नीचर क्लस्टर को शीघ्र पूर्ण रूप से विकसित करने का आह्वान किया
