
इंदौर. शहर की सड़कों पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं. अब ऐसे वाहन चालकों पर सिर्फ पुलिस ही नहीं, आम लोगों की भी नजर रहेगी. सड़क पर कहीं भी नियम तोड़ता वाहन चालक दिखाई देने पर नागरिक उसकी फोटो या वीडियो सीधे यातायात पुलिस तक पहुंचा सकेंगे. इस तरह शहर की यातायात व्यवस्था में अब जनता भी प्रहरी की भूमिका निभाएगी.
इंदौर पुलिस ने इसके लिए ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल ऐप में ‘सिविलियन रिपोर्ट्स’ नाम से नया फीचर शुरू किया है. शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने स्वयं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन चालक की फोटो ऐप के माध्यम से भेजकर इस सुविधा की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है. नई व्यवस्था के तहत किसी वाहन चालक को नियम तोड़ते देखने पर नागरिक सुरक्षित तरीके से अपने मोबाइल से फोटो या वीडियो लेकर ऐप के नए फीचर पर भेज सकेंगे. इसके लिए किसी से विवाद या टकराव करने की जरूरत नहीं होगी. नागरिक यातायात हेल्पलाइन नंबर 70497620 पर भी सूचना दे सकेंगे. पुलिस प्राप्त फोटो और वीडियो की जांच व सत्यापन करेगी. उल्लंघन प्रमाणित होने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
इस पहल में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए पुलिस ने पुरस्कार की व्यवस्था भी की है. यातायात नियमों के उल्लंघन की प्रमाणिक और उत्कृष्ट सूचना देने वाले नागरिकों को हर सप्ताह पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा. ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है. इसके अलावा क्यूआर कोड स्कैन कर भी इसे डाउनलोड करने की सुविधा दी गई है.
इस मामले में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुधारना पुलिस के साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है. नए फीचर के माध्यम से नागरिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की फोटो और वीडियो पुलिस तक पहुंचा सकेंगे. सूचनाओं का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और उत्कृष्ट सूचना देने वालों को हर सप्ताह सम्मानित किया जाएगा.
