चाँदपुर सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आई हत्या की वारदात का चांदपुर पुलिस ने किया खुलासा

आलीराजपुर। पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री समर वर्मा ने बताया कि दिनांक 12.11.2026 को थाना चाँदपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम मोरधी में शाम लगभग 7:00 बजे रात्रि के दौरान दिलीप पिता अबेसिंह वास्कले की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की घटना घटित हुई थी। घटना के संबंध में दिनांक 12.11.2026 को फरियादी पिन्टू पिता अबेसिंह वास्कले निवासी ग्राम मोरधी खुड़ियावड़ फलिया द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होने पर थाना चाँदपुर में अपराध क्रमांक 208/2026 धारा 281, 125(1), 106(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण की परिस्थितियाँ संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस द्वारा घटना की गंभीरता से जांच प्रारंभ की गई। मृतक के शव का जिला चिकित्सालय आलीराजपुर में पाँच चिकित्सकों के मेडिकल पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मृत्यु गला घोंटने से होना सामने आया, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह सामान्य सड़क दुर्घटना न होकर हत्या का मामला है।

मोबाइल फोन से मिला महत्वपूर्ण सुराग- अनुसंधान के दौरान घटनास्थल के निरीक्षण एवं सर्चिंग में एक मोबाइल फोन प्राप्त हुआ। तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर उक्त मोबाइल फोन ग्राम मोरधी निवासी दशरिया पिता रेमलिया का होना पाया गया। पुलिस द्वारा उसकी तलाश कर अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में हत्या की सुनियोजित साजिश का खुलासा हुआ।

अवैध संबंधों के चलते रची गई हत्या की साजिश- पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि मृतक दिलीप की पत्नी सेंगली के ग्राम मोरधी निवासी रमेश पिता मोती के साथ पिछले लगभग चार-पाँच वर्षों से अवैध संबंध थे। इस बात की जानकारी मृतक को होने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद एवं मारपीट होती रहती थी। इसी कारण रमेश एवं सेंगली ने मृतक दिलीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

घटना दिनांक 12.11.2026 को शाम के समय मृतक के अत्यधिक शराब के नशे में होने की जानकारी उसकी पत्नी सेंगली ने अपने प्रेमी रमेश को फोन पर दी। इसके बाद रमेश ने अपने सहयोगियों महेश पिता केमता एवं सिलदार पिता जुरलिया के साथ मिलकर योजना को अंजाम देने की तैयारी की। आरोपियों को घटनास्थल तक पहुँचाने एवं अन्य गतिविधियों में नानसिंह उर्फ नानका पिता रेमला द्वारा सहयोग किया गया।

गला घोंटकर हत्या के बाद सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास- पुलिस अनुसंधान के अनुसार रमेश, महेश एवं सिलदार ने नशे की हालत में पड़े दिलीप को उठाकर घर के पीछे तुअर के खेत में ले जाकर पीले रंग की रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने एवं साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को घटनास्थल तक ले जाने की योजना बनाई।

आरोपियों द्वारा मृतक के शव को उसकी काले रंग की स्कूटी पर रखकर चाँदपुर-साकड़ी रोड के पास ले जाया गया। इस दौरान दशरिया एवं नानसिंह भी ट्रैक्टर एवं मोटरसाइकिल से वहाँ पहुँचे। योजनानुसार दशरिया को ट्रैक्टर चलाने के लिए दिया गया तथा रमेश एवं महेश ने मृतक के शव एवं स्कूटी को सड़क किनारे रख दिया। इसके बाद दशरिया द्वारा ट्रैक्टर से शव एवं स्कूटी पर दो बार आगे-पीछे करते हुए ट्रैक्टर चढ़ाया गया, ताकि घटना को वाहन दुर्घटना दर्शाया जा सके। वारदात के बाद आरोपी अपने-अपने घर चले गए तथा ट्रैक्टर को छिपा दिया गया। इस प्रकार आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का स्वरूप देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।

घटना के 05 आरोपी गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

प्रकरण में पुलिस द्वारा साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर निम्नलिखित पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है—

1. सेंगली पति दिलीप – मृतक की पत्नी।

2. रमेश पिता मोती – मुख्य आरोपी एवं मृतक की पत्नी का प्रेमी।

3. महेश पिता केमता – सह आरोपी।

4. दशरिया पिता रेमला – सह आरोपी।

5. नानसिंह उर्फ नानका पिता रेमला – सह आरोपी।

प्रकरण का एक अन्य आरोपी सिलदार पिता जुरलिया निवासी ग्राम मोरधी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध हत्या, साक्ष्य मिटाने, आपराधिक षड्यंत्र एवं सामूहिक आपराधिक कृत्य से संबंधित धाराओं 103(1), 238, 61(2), 3(5) बीएनएस का इजाफा किया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।

उक्त अंधे कत्ल का खुलासा करने में थाना चाँदपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसमें था0प्र0 चांदपुर उप निरीक्षक दिलीपसिंह चन्देल, सहायक उप निरीक्षक रमेश अलावा, सहायक उप निरीक्षक मधुराजसिंह कुशवाह, प्रधान आरक्षक 01 हेमराज, प्रधान आरक्षक 45 गरवसिंह, प्रधान आरक्षक 101 निलेश पाल, प्रधान आरक्षक 213 धर्मेन्द्र, आरक्षक 128 दीपक, आरक्षक 281 दिलीप एवं आरक्षक 63 प्रकाश

Next Post

आलीराजपुर पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्यवाही जारी

Sat Nov 14 , 2026
आलीराजपुर। पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री समर वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निरंतर वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में थाना बखतगढ़ पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर ग्राम […]

You May Like