सतना: जिले के रीवा रोड स्थित कारगिल ढाबे पर आइसक्रीम और सिगरेट न मिलने पर कर्मचारियों पर तलवार व बेसबॉल बैट से हमला करने वाले मुख्य आरोपियों पर कोलगावां थाना पुलिस ने शिकंजा कस दिया है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे कुछ युवक नशे की हालत में कारगिल ढाबे पर पहुंचे थे ढाबा बंद होने के कारण कर्मचारियों द्वारा आइसक्रीम, सिगरेट, अंडाकरी और डिस्पोजल देने से मना करने पर आरोपी आगबबूला हो कर तलवार, बेसबॉल बैट, लाठी-डंडों और बेल्ट से ढाबे के कर्मचारियों सुनील अहिरवार, सूरज सिंह गौड़, अंकित अहिरवार और निखिल अहिरवार पर जानलेवा हमला कर ढाबे में तोड़फोड़ की थी.
ढाबा संचालक की शिकायत पर कोलगावां थाने में इस घटना को लेकर अपराध क्रमांक 1658/26 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं 296(बी), 115(2), 324(4), 331(5), और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया कर घटना से जुड़े दोनों आरोपी अमन खान पिता मोहम्मद अजीज, उम्र 26 वर्ष,निवासी- नजीराबाद और मोहम्मद सैफ पिता मोहम्मद जाहिद, उम्र 27 वर्ष निवासी- नजीराबाद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहाँ से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया.
