सतना : जिले में कार्यरत ठेकेदारों और ठेका कामगारों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) द्वारा विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया. आंचलिक कार्यालय भोपाल के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 शिखर शर्मा के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में निगम के डिप्टी आयुक्त अनुराग तिवारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे. इस दौरान ठेकेदारों, नियोक्ताओं और कामगारों से सीधा संवाद कर उन्हें विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया.
सेमिनार के दौरान क्षेत्रीय आयुक्त श्री शर्मा ने कामगारों को पीएफ योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने महत्वपूर्ण नीतिगत संशोधन को रेखांकित करते हुए बताया कि 17 सितंबर से पीएफ अंशदान कटौती की वेतन सीमा 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई है. इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को व्यापक सामाजिक सुरक्षा का सीधा लाभ मिल रहा है. उन्होंने जिले के अन्य संस्थानों में भी समीक्षा बैठकें और कार्यशालाएं आयोजित कर विश्वास एमनेस्टी स्कीम तथा पीएम-वीबीआरवाई के तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की और शत-प्रतिशत कर्मचारियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
तत्पर पोर्टल 2.0 और डिजिटल सेवाओं की भी हुई समीक्षा
नगर निगम के कार्यक्रम के साथ ही ईपीएफओ जिला कार्यालय में एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई. इसमें सहायक भविष्य निधि आयुक्त सुरेश कुमार ठाकुर और प्रवर्तन अधिकारियों की मौजूदगी में डिजिटल सेवाओं, पेंशन वितरण व्यवस्था, तत्पर पोर्टल 2.0 और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर लाभ दिलाने वाली प्रयास पहल की प्रगति की समीक्षा की गई
