जबलपुर: विजयनगर, गोरखपुर और सिविल लाइन थाना क्षेत्रों में शातिर साइबर ठगों ने अलग-अलग पैंतरे अपनाकर चार खातों से कुल 1 लाख 85 हजार 458 रुपये उड़ाते हुए धोखाधड़ी की है। पुलिस ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइन निवासी पश्चिम मध्य रेलवे के निजी सचिव प्रशांत कुमार साहू से अज्ञात कॉलर ने आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर यूपीआई से 65,500 रुपये ऐंठ लिए।
गोरखपुर के कपड़ा व्यापारी मिकाइल मरावी से इंस्टाग्राम पर ट्रेड आउटफिट केरला के फर्जी पेज के जरिए कपड़ों के ऑर्डर के नाम पर 53,462 रुपये ठग लिए गए। गोरखपुर निवासी किसान रघुवीर अहिरवार से असम से 15 मजदूर भेजने और ट्रेन में टीटीई द्वारा पकड़े जाने का झांसा देकर 32,500 रुपये ठग लिए गए। जांच में भेजा गया ट्रेन टिकट फर्जी निकला। विजयनगर क्षेत्र निवासी हरिवती मरावी को जाली दस्तावेज और गलत पहचान दिखाकर अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से 33,996 रुपये ट्रांसफर कर लिए।
