
खंडवा। टोंककला फैक्ट्री ब्लास्ट मामले के बाद खंडवा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। संभावित हादसों को रोकने और सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल के लिए शुक्रवार को छैगांवमाखन और देशगांव क्षेत्र में संचालित पटाखा गोदामों पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह चौहान, एसडीएम सिंघाई और थाना प्रभारी छैगांवमाखन मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा गोदाम संचालकों के लाइसेंस, दस्तावेज, स्टॉक क्षमता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की। गोदामों में आग से बचाव के उपकरण, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी पड़ताल की गई।
प्रशासन ने गोदाम संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का अवैध भंडारण या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि टोंककला हादसे के बाद जिले में किसी भी प्रकार की लापरवाही रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी बड़े हादसे की पुनरावृत्ति न हो।
