गुना। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर शनिवार को हनुमान चौराहा स्थित नेहरू पार्क में उनकी प्रतिमा की दुर्दशा देखने को मिली। जयंती मनाने पहुंचे कांग्रेस नेताओं को जब प्रतिमा स्थल के आसपास भारी गंदगी और अव्यवस्था दिखी, तो उन्होंने पहले स्वयं सफाई का बीड़ा उठाया। कांग्रेसजनों ने पानी से प्रतिमा को नहलाकर साफ किया और पूरे परिसर को स्वच्छ बनाने के बाद विधिवत रूप से जयंती मनाई।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली और महापुरुषों की प्रतिमाओं के प्रति बरती जा रही अनदेखी पर तीखी नाराजगी जताई। शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने कहा कि पंडित नेहरू त्याग और बलिदान के प्रतीक हैं। बच्चों से विशेष स्नेह रखने के कारण ही उनकी जयंती पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए आईआईटी जैसे बड़े और प्रतिष्ठित संस्थानों की नींव रखने वाले महापुरुष के त्याग और समर्पण को याद करते हुए आज हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि शहर के अन्य पार्कों की स्थिति भी बेहद खराब है और पुरानी गल्ला मंडी स्थित माधवराव सिंधिया पार्क का भी यही हाल बना हुआ है, जहां रखरखाव के अभाव में अव्यवस्थाएं हावी हैं।
