भारतीय रोइंग टीम ने एशियाई रोइंग चैंपियनशिप में जीते 10 पदक

हाई फोंग (वियतनाम), 19 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय रोइंग टीम ने एशियाई रोइंग चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला और पुरुष वर्ग में तीन स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य सहित कुल 10 पदक जीते।

भारतीय रोइंग दल ने 16 से 19 अक्टूबर तक वियतनाम के हाई फोंग में आयोजित एशियाई रोइंग चैंपियनशिप में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। 15 स्पर्धाओं में तिरंगे का प्रतिनिधित्व करने वाले 37 एथलीटों (25 पुरुष और 12 महिलाएं) के साथ, भारत ने 10 स्पर्धाओं में पदक जीते। पुरुषों की क्वाड्रपल स्कल (एम 4एक्स) में कुलविंदर सिंह, नवदीप सिंह, सतनाम सिंह, जाकर खान की टीम ने स्वर्ण पदक जीता।

हीट्स 16 और 17 अक्टूबर को हुए, उसके बाद 18 और 19 अक्टूबर को फाइनल हुए, जिसके परिणामस्वरूप भारतीय टीम का अभियान बेहद सफल रहा। लाइटवेट पुरुष डबल स्कल (एलएम 2 एक्स ) में लक्ष्य, अजय त्यागी की टीम स्वर्ण पदक जीता। वहीं बलराज पंवार ने पुरुषों की एकल स्कल (एम 1 एक्स) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता है।

यह उपलब्धि हाल के इतिहास में एशियाई रोइंग चैंपियनशिप में भारत के सबसे मजबूत प्रदर्शनों में से एक है, जिसने भारत एशियाई रोइंग में एक उभरती हुई ताकत के रूप में उभरा है। पुरुषों की आठ (एम8 प्लस) स्पर्धा में नितिन देओल, परविंदर सिंह, लखवीर सिंह, रवि, गुरप्रताप सिंह, भीम सिंह, जसविंदर सिंह, कुलबीर, किरण सिंह मैयोम ने रजत पदक जीता।

इस अभियान का एक महत्वपूर्ण आकर्षण लाइटवेट महिला जोड़ी (एलडब्ल्यू2) स्पर्धा रही। जहां गुरबानी कौर और दिलजोत कौर ने रजत पदक जीतकर एशियाई चैंपियनशिप में भारतीय महिलाओं के 15 साल के सूखे को समाप्त किया।

भारतीय नौकायन महासंघ की ओर से जारी बयान में अध्यक्ष बालाजी मरदापा ने दल के प्रति हार्दिक गर्व और प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा, “यह उपलब्धि केवल पदकों का संग्रह नहीं है। यह हमारे एथलीटों के वर्षों के धैर्य, त्याग और अटूट भावना का प्रतिबिंब है। पानी पर हर स्ट्रोक अरबों दिलों की आशा से प्रेरित था। हाई फोंग में भारत का प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि हमारे रोवर्स एशिया के सर्वश्रेष्ठ रोवर्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो सकते हैं।”

Next Post

पॉवरप्ले में तीन विकेट गंवाने के बाद वापसी करना मुश्किल होता है : गिल

Sun Oct 19 , 2025
पर्थ, 19 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया से पहला वनडे रविवार को सात विकेट से हारने के बाद कहा कि पॉवरप्ले में तीन विकेट गंवाने के बाद वापसी करना मुश्किल होता है। शुभमन गिल ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कहा, ”पावरप्ले में तीन विकेट गंवाना कभी […]

You May Like