मैहर: मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी द्वारा पद्मविभूषण उस्ताद अलाउद्दीन खाँ साहब की स्मृति में 52वें उस्ताद अलाउद्दीन खाँ समारोह का आयोजन मैहर खेल मैदान में किया गया। समारोह का शुभारंभ सांसद गणेश सिंह , विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल,संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह,कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी , नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती गीता सोनी , संस्कृति विभाग के संचालक एन पी नामदेव, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अपर कलेक्टर रोशन राय,उस्ताद अलाउद्दीन खां एकेडमी के डायरेक्टर प्रकाश सिंह ठाकुर, स्थानीय कार्यक्रम समिति के सचिव डॉ के सी जैन एवं कमलेश सुहाने की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
52 वां उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह के शुभारंभ अवसर पर पदम विभूषण उस्ताद अली अकबर खाँ साहब द्वारा रचित राग मिश्रकिरवानी की प्रस्तुति मैहर वाद वृन्द के सौरभ कुमार चौरसिया नलतरंग वादक , जीपी पाण्डेय(उत्तम पाण्डेय) वायलिन वादक, कमल किशोर माहौर तबला वादक, गौतम भारती हारमोनियम वादक, बृजेश कुमार द्विवेदी सरोद वादक, अहमद खान सारंगी वादक, डॉ अशोक बाडोलिया तबला वादक, राम सुमन चौरसिया सितार वादक द्वारा संगीत प्रेमियों को दी गई। राग मिश्रकिरवानी की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया। प्रस्तुति के पश्चात सारा वातावरण तालियों की गङगङाहट से 10 मिनिट तक गूंजता रहा।
समारोह में सरोद-गायन की जुगलबंदी, कथक, शास्त्रीय गायन एवं भरतनाट्यम जैसी शास्त्रीय कलाओं की शानदार प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने अपनी मनमोहक एवं भावविभोर कर देने वाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में दूसरी प्रस्तुति सरोद एवं गायन की जुगलबंदी कोलकाता के श्री अरिंदम भट्टाचार्य सहित अन्य कलाकारों ने दी। वहीं कथक नृत्यांगना श्रीमती श्यामवी शुक्ला मिश्रा द्वारा श्री कृष्ण सुदामा के मित्र प्रसंग पर अपनी नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
शास्त्रीय गायन में पंडित प्रसाद खापर्डे अपनी सुरमयी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही पद्मश्री गीता चंद्रन भरतनाट्यम की प्रस्तुति देंगी।
सांसद श्री सिंह ने कहा कि संगीत और नृत्य की इन प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत की विविधता और उत्कृष्टता का अनुभव करने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व अतिथियों द्वारा कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित मदीना भवन में उस्ताद अलाउद्दीन खाँ साहब के मकबरे पर चादरपोशी की रस्म अदा कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मदीना भवन को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे भवन की सुंदरता देखते ही बन रही थी. समारोह में सैकड़ों की संख्या में संगीत एवं कला प्रेमी श्रोता उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर श्रोताओं के बैठने, वाहनों की पार्किंग तथा पेयजल की बेहतर व्यवस्थाएं की गई है।52वां उस्ताद अलाउद्दीन खाँ समारोह भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को संरक्षित करने तथा देशभर के प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित हो रहा है।
