सीहोर। अपने ट्रक में भोपाल से दवा भरकर गुजरात के लिए रवाना हुए चालक का रात घर में बिताना भारी पड़ गया. घर के बाहर खड़े ट्रक से देर रात बदमाशों ने तिरपाल काटकर दवा के कार्टून निकाल लिए और फरार हो गए. सुबह चालक ने तिरपाल कटा देखा और कार्टून कम नजर आए तो उसने पुलिस को अवगत कराया. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना कोतवाली अंतर्गत इंद्रानगर निवासी रज्जूू मालवीय ट्रक चालक है. गत दिवस वह भोपाल से अपने ट्रक में दवा के कार्टून भरकर गुजरात के लिए रवाना हुआ था. रात को वह अपने घर रुकने के लिए पहुंचा और ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था. बताया जाता है कि बीती रात अज्ञात चोरों ने ट्रक की रस्सियां और तिरपाल काटकर उसमें रखे दवा के कुछ कार्टून उठा लिए और चलते बने. सुबह जब चालक ट्रक के पास पहुंचा तो रस्सी व तिरपाल कटे नजर आए और कार्टून भी कम थे. उसने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है.
